होम > Blog

Blog / 13 Nov 2026

WHO की वैश्विक तपेदिक (टीबी) रिपोर्ट 2026

संदर्भ:

हाल ही में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2026 (Global Tuberculosis Report 2026) जारी की, जिसमें टीबी के वैश्विक बोझ तथा इसकी रोकथाम, निदान और उपचार में हुई प्रगति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में लगभग 10.6 मिलियन (1.06 करोड़) लोग टीबी से संक्रमित हुए और इस बीमारी के कारण 1.13 मिलियन (11.3 लाख) लोगों की मृत्यु हुई। वर्ष 2015 के बाद से वैश्विक स्तर पर टीबी से होने वाली मृत्यु दर में 35% की कमी आई है।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि:

      • तपेदिक (Tuberculosis-TB) दुनिया की सबसे पुरानी और घातक संक्रामक बीमारियों में से एक रही है। WHO ने वर्ष 1993 में टीबी को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। वर्ष 2014 में WHO ने टीबी उन्मूलन रणनीति (End TB Strategy) अपनाई, जिसका उद्देश्य वर्ष 2035 तक वैश्विक टीबी महामारी को समाप्त करना है।
      • वर्ष 2015 में अपनाए गए सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) में भी लक्ष्य 3.3 के तहत टीबी उन्मूलन को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक टीबी महामारी को समाप्त करना है।
      • भारत ने वर्ष 1962 में राष्ट्रीय क्षय रोग कार्यक्रम (National Tuberculosis Programme) शुरू किया और इसके बाद वर्ष 1993 में संशोधित राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम (Revised National Tuberculosis Control Programme) लागू किया। वर्ष 2020 में इसका नाम बदलकर राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (National Tuberculosis Elimination Programme-NTEP) कर दिया गया। इसके तहत प्रारंभिक राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन लक्ष्य वर्ष 2025 निर्धारित किया गया था।

WHO Global Tuberculosis Report 2026

WHO की वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2026 के प्रमुख निष्कर्ष:

रिपोर्ट में निम्नलिखित महत्त्वपूर्ण आँकड़े प्रस्तुत किए गए हैं:

संकेतक

वैश्विक आँकड़े (2025)

टीबी से संक्रमित होने वाले लोग

10.6 मिलियन

टीबी से संबंधित मौतें

1.13 मिलियन

वर्ष 2015 के बाद मृत्यु दर में कमी

35%

वर्ष 2015 के बाद टीबी संक्रमण दर में कमी

14%

नए निदान किए गए और रिपोर्ट किए गए मामले

8.4 मिलियन

अनुमानित बिना निदान/रिपोर्ट किए गए मामले

2.2 मिलियन

रिफैम्पिसिन प्रतिरोधी टीबी के मामले

3.7 लाख

दवा-संवेदनशील टीबी की उपचार सफलता दर

90%

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में लगभग 5.7 मिलियन पुरुष, 3.7 मिलियन महिलाएँ तथा 1.2 मिलियन बच्चे और किशोर टीबी से संक्रमित हुए। टीबी रोगियों के उपचार के कारण वर्ष 2000 से 2025 के बीच लगभग 8.6 करोड़ लोगों की जान बचाई गई है।

टीबी के वैश्विक प्रसार का वितरण:

      • टीबी का वैश्विक बोझ कुछ चुनिंदा देशों में अधिक केंद्रित है। WHO के अनुसार, वर्ष 2025 में टीबी से संक्रमित होने वाले कुल लोगों में से 88% मामले 30 उच्च टीबी बोझ वाले देशों में दर्ज किए गए।
      • वैश्विक टीबी मामलों में लगभग 67% योगदान देने वाले आठ प्रमुख देश निम्नलिखित हैं:
        • भारत – 25%।
        • इंडोनेशिया – 10%।
        • फिलीपींस – 6.8%।
        • चीन – 6.5%।
        • पाकिस्तान – 6.4%।
        • नाइजीरिया – 4.9%।
        • कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य – 3.9%।
        • बांग्लादेश – 3.7%।
      • भारत विश्व स्तर पर सबसे अधिक टीबी बोझ वाला देश बना हुआ है।

भारत का प्रदर्शन और उपलब्धियाँ:

      • भारत ने टीबी नियंत्रण के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2015 से 2025 के बीच भारत में टीबी से होने वाली मृत्यु दर में 38% की कमी आई है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह कमी 35% रही।
      • अनुमानित मृत्यु दर वर्ष 2015 में प्रति लाख जनसंख्या पर 28 मौतों से घटकर वर्ष 2025 में प्रति लाख जनसंख्या पर 18 मौतें रह गई। भारत ने दवा-संवेदनशील टीबी के रोगियों के बीच 94% उपचार सफलता दर भी हासिल की है।
      • टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गहन जाँच के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को कवर किया गया, 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे (Chest X-rays) किए गए और 48.64 लाख टीबी के मामलों का पता लगाया गया। इनमें 14.97 लाख बिना लक्षण वाले (Asymptomatic) मामले भी शामिल थे। टीबी कार्यक्रम की लगभग 96% वित्तपोषण आवश्यकताएँ घरेलू संसाधनों के माध्यम से पूरी की जाती हैं।

रिपोर्ट द्वारा उजागर की गई प्रमुख चुनौतियाँ:

      • धीमी प्रगति: वर्ष 2015 से 2025 के बीच वैश्विक टीबी संक्रमण दर में केवल 14% की कमी आई, जबकि वर्ष 2025 तक इसमें 50% की कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
      • निदान संबंधी कमियाँ: वर्ष 2025 में लगभग 2.2 मिलियन (22 लाख) टीबी रोगियों का निदान नहीं हो पाया या उनके मामलों की रिपोर्ट नहीं की गई।
      • दवा प्रतिरोधी टीबी: वर्ष 2025 में अनुमानित रिफैम्पिसिन प्रतिरोधी टीबी के केवल 42% रोगियों को उपचार प्राप्त हुआ।
      • वित्तीय बाधाएँ: वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय दाता वित्तपोषण (International Donor Funding) में 14% की कमी आई और यह घटकर 0.94 बिलियन अमेरिकी डॉलर रह गया।
      • अपर्याप्त अनुसंधान: वर्ष 2023 में वैश्विक टीबी अनुसंधान वित्तपोषण 1.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा, जो वर्ष 2027 के लिए निर्धारित 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के वार्षिक लक्ष्य के एक-चौथाई से भी कम है।
      • सामाजिक निर्धारक: गरीबी, कुपोषण, भीड़भाड़ और HIV संक्रमण टीबी के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ाते हैं।

WHO की सिफारिशें:

      • WHO ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, त्वरित आणविक निदान (Rapid Molecular Diagnostics) का विस्तार करने, उपचार तक पहुँच में सुधार करने तथा दवा प्रतिरोधी टीबी की समस्या से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया है। सरकारों को घरेलू स्वास्थ्य निवेश बढ़ाना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय वित्तपोषण में कटौती के बावजूद आवश्यक टीबी सेवाओं को सुरक्षित रखना चाहिए।
      • नई टीकों, निदान तकनीकों और कम अवधि वाले उपचार कार्यक्रमों के विकास के लिए अनुसंधान एवं विकास (R&D) में अधिक निवेश आवश्यक है। इसके साथ ही, सामुदायिक भागीदारी, पोषण संबंधी सहायता, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) और डिजिटल निगरानी प्रणाली को भी मजबूत किया जाना चाहिए।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj