होम > Blog

Blog / 13 Mar 2026

ओबीसी क्रीमी लेयर पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय

ओबीसी क्रीमी लेयर पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय

संदर्भ:

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ओबीसी की क्रीमी लेयर की स्थिति केवल माता-पिता की आय के आधार पर निर्धारित नहीं की जा सकती। यह निर्णय केंद्र सरकार द्वारा दायर अपीलों के एक समूह में दिया गया, जिसमें उन अभ्यर्थियों का मामला शामिल था जिन्हें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ओबीसी आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया था, क्योंकि अधिकारियों ने उनके माता-पिता के वेतन को क्रीमी लेयर निर्धारण के लिए गिना था। क्रीमी लेयर की अवधारणा को इंद्रा साहनी बनाम भारत संघ (1992) के ऐतिहासिक फैसले में सर्वोच्च न्यायालय ने प्रस्तुत किया था। इसका उद्देश्य ओबीसी वर्ग के भीतर सामाजिक रूप से उन्नत वर्गों को आरक्षण के लाभ से बाहर करना था।

ओबीसी आरक्षण की मुख्य विशेषताएँ:

      • ओबीसी को केंद्र सरकार की नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में 27% आरक्षण प्राप्त है।
      • ओबीसी के भीतर सामाजिक रूप से उन्नत वर्गों को क्रीमी लेयरके रूप में आरक्षण से बाहर रखा जाता है।
      • क्रीमी लेयर निर्धारण के लिए वर्तमान आय सीमा ₹8 लाख प्रतिवर्ष है।
      • सरकार ने 1993 में एक कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) जारी कर क्रीमी लेयर निर्धारण के मानदंड तय किए थे, जिनमें पेशा, सामाजिक स्थिति और आय जैसे कारक शामिल हैं।

Supreme Court verdict of OBC creamy layer

न्यायालय के समक्ष मुद्दा:

      • विवाद तब उत्पन्न हुआ जब ओबीसी समुदाय के कुछ UPSC अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया, क्योंकि अधिकारियों ने उनके माता-पिता की आय जो सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs), बैंकों या निजी संगठनों में कार्यरत थे, को क्रीमी लेयर परीक्षण में शामिल कर लिया था।
      • इस मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय, मद्रास उच्च न्यायालय और केरल उच्च न्यायालय ने अभ्यर्थियों के पक्ष में निर्णय दिया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने इन निर्णयों को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी।

सर्वोच्च न्यायालय की प्रमुख टिप्पणियाँ:

      • सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि माता-पिता की आय या वेतन मात्र यह निर्धारित नहीं कर सकता कि कोई ओबीसी अभ्यर्थी क्रीमी लेयर में आता है या नहीं।
      • इस निर्धारण के लिए अधिकारियों को कई कारकों पर विचार करना होगा, जैसे-
        • संगठनात्मक पदानुक्रम में माता-पिता की स्थिति
        • उनके पेशे की प्रकृति
        • वे जिस पद या श्रेणी में कार्यरत हैं
      • न्यायालय ने यह भी कहा कि क्रीमी लेयर को बाहर करने की नीति मुख्यतः सामाजिक स्थिति पर आधारित है, न कि केवल आय स्तर पर। सेवा पदानुक्रम में उन्नति सामाजिक गतिशीलता और प्रगति को दर्शाती है, जिसे केवल आय के आधार पर नहीं आंका जा सकता, क्योंकि वेतन समय के साथ बदल सकता है।

निर्णय का महत्व:

      • आरक्षण तक व्यापक पहुँच: इस निर्णय से ओबीसी आरक्षण के लिए पात्रता का दायरा बढ़ सकता है, विशेषकर उन अभ्यर्थियों के लिए जिनके माता-पिता PSU या निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं।
      • आरक्षण नियमों की स्पष्टता: यह निर्णय क्रीमी लेयर निर्धारित करने के लिए उपयोग किए जाने वाले आय/संपत्ति परीक्षण से संबंधित लंबे समय से चली आ रही अस्पष्टता को दूर करता है।
      • सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करना: यह निर्णय इस सिद्धांत को मजबूत करता है कि आरक्षण का उद्देश्य सामाजिक और शैक्षिक पिछड़ेपन को दूर करना है, न कि केवल आर्थिक असमानता को।

निष्कर्ष:

माता-पिता की आय को क्रीमी लेयर निर्धारण का एकमात्र आधार न मानने का सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय यह पुनः स्पष्ट करता है कि आरक्षण नीति मूलतः सामाजिक स्थिति और ऐतिहासिक वंचना पर आधारित है। स्थिति-आधारित दृष्टिकोण पर बल देकर यह निर्णय सुनिश्चित करने का प्रयास करता है कि आरक्षण का लाभ वास्तव में पिछड़े वर्गों तक पहुँचे, साथ ही मनमाने ढंग से योग्य अभ्यर्थियों को बाहर किए जाने से भी रोका जा सके।

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj