होम > Blog

Blog / 04 Feb 2026

राफा सीमा और गाज़ा शांति योजना

संदर्भ:

हाल ही में, अमेरिका की मध्यस्थता से अक्टूबर 2025 में लागू हुए युद्धविराम ढांचे के अंतर्गत इज़राइल ने गाज़ा पट्टी और मिस्र के बीच स्थित राफा सीमा चौकी को सीमित स्तर पर पैदल आवागमन के लिए पुनः खोल दिया है। मई 2024 में हमास के साथ संघर्ष के दौरान इज़राइल द्वारा इस क्षेत्र पर नियंत्रण करने के बाद यह पहली बार है जब राफा के माध्यम से किसी प्रकार की आवाजाही संभव हुई है। यद्यपि कड़े प्रतिबंधों के साथ यह मार्ग पुनः खोला गया है, फिर भी यह एक महत्वपूर्ण मानवीय पहल मानी जा रही है, विशेषकर चिकित्सा उपचार के लिए जाने वाले मरीजों और वापस घर लौटने वाले नागरिकों के लिए।

भौगोलिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि:

        • गाज़ा पट्टी भूमध्य सागर के पूर्वी तट पर स्थित एक संकरी फ़िलिस्तीनी भूमि है, जिसकी सीमा उत्तर और पूर्व में इज़राइल तथा दक्षिण-पश्चिम में मिस्र से मिलती है। यह क्षेत्र लंबे समय से इज़राइलफ़िलिस्तीन संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां भूमि, पहचान और शासन को लेकर लगातार टकराव होते रहे हैं।
        • 1967 से गाज़ा में इज़राइली सैन्य नियंत्रण और नाकेबंदी के कई चरण हुए हैं। वर्ष 2007 से यह क्षेत्र हमास के शासन में है, जिसे इज़राइल, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय संघ आतंकवादी संगठन मानते हैं। 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा दक्षिणी इज़राइल पर किए गए बड़े हमले के बाद संघर्ष ने अत्यंत गंभीर रूप ले लिया, जिसके परिणामस्वरूप गाज़ा में लंबे समय तक इज़राइली सैन्य अभियान चलाया गया।

राफा की रणनीतिक महत्ता:

राफा सीमा चौकी गाज़ा का एकमात्र ऐसा प्रवेश और निकास मार्ग है जो सीधे इज़राइल से होकर नहीं गुजरता। इसका सीमित रूप से पुनः खुलना लोगों की आवाजाही के लिए एक दुर्लभ अवसर प्रदान करता है। साथ ही, यह प्रतीकात्मक रूप से भी उस क्षेत्र के लिए राहत का संकेत है, जो लंबे समय से संघर्ष, नाकेबंदी और सीमा बंद होने के कारण लगभग पूरी तरह अलग-थलग पड़ गया था।

Rafah Reopening and the Gaza Peace Plan

ट्रंप की गाज़ा शांति योजना के बारे में:

        • सितंबर 2025 में, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 20 बिंदुओं वाली गाज़ा शांति योजना प्रस्तुत की। इसका उद्देश्य इज़राइलहमास संघर्ष को समाप्त करना तथा मानवीय सहायता और दीर्घकालिक स्थिरता के लिए एक ठोस ढांचा तैयार करना है। इस योजना में तत्काल युद्धविराम, 72 घंटों के भीतर सभी बंधकों की रिहाई और स्थिति में सुधार की शर्त पर इज़राइली सेनाओं की चरणबद्ध वापसी का प्रस्ताव शामिल थी।
        • योजना के अनुसार, गाज़ा को निरस्त्र कर पुनर्विकसित किया जाएगा, ताकि वहां से किसी भी प्रकार का आतंकी खतरा समाप्त हो सके। प्रारंभिक चरण में शासन एक अंतरराष्ट्रीय शांति बोर्डके अधीन गठित तकनीकी विशेषज्ञों की अस्थायी समिति द्वारा संचालित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता डोनाल्ड ट्रंप करेंगे।
        • इस बोर्ड में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर जैसे प्रमुख वैश्विक नेता भी शामिल होंगे। इज़राइल ने इस क्षेत्र के विलय से इंकार किया, जबकि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बहुराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल तैनात किया गया, जिसने स्थानीय पुलिस बल को प्रशिक्षण देने का कार्य भी किया। मानवीय सहायता तथा बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण इस योजना के मुख्य स्तंभ हैं।

निष्कर्ष:

राफा सीमा का सीमित रूप से पुनः खुलना गाज़ा संकट के बीच मानवीय पहुंच को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है। ट्रंप की शांति पहल युद्धविराम, सुरक्षा व्यवस्था, शासन संरचना में परिवर्तन और युद्धोत्तर पुनर्निर्माण को आपस में जोड़ने वाला एक व्यापक, लेकिन जटिल प्रस्ताव है। इसकी सफलता इज़राइल, हमास और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के बीच नाजुक राजनीतिक संतुलन पर निर्भर करेगी, जो अंततः इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता की संभावनाओं को निर्धारित करेगा।