होम > Blog

Blog / 07 Apr 2026

मित्र मिशन

सन्दर्भ:

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने 2-9 अप्रैल 2026 तक लद्दाख के लेह में मित्र मिशन (MITRA -Mapping of Interoperable Traits and Response Assessment) का संचालन का रहा है। मिशन का उद्देश्य मानव अंतरिक्ष मिशनों में चालक दल की सुरक्षा, प्रदर्शन और टीमवर्क को समझना है। लेह की लगभग 3,500 मीटर ऊंचाई वाली स्थितियां, हाइपोक्सिया (कम ऑक्सीजन), ठंड और अलगाव, अंतरिक्ष जैसी परिस्थितियों का अनुभव कराती हैं। इस कारण इसे मानव अंतरिक्ष उड़ान का प्राकृतिक अनुकरण (analogue) माना गया।

मिशन का मुख्य उद्देश्य:

      • क्रू और ग्राउंड टीम के बीच संवाद और समन्वय का अध्ययन।
      • तनाव और अलगाव के दौरान निर्णय लेने और टीमवर्क की क्षमता का मूल्यांकन।
      • भविष्य के गगनयान मिशनों में मानव कारकों (human factors) के आधार पर प्रशिक्षण और रणनीति विकसित करना।

MITRA Mission

सहयोग और आयोजन:

मित्र मिशन, इसरो और भारतीय वायु सेना के इंस्टिट्यूट ऑफ़ एयरोस्पेस मेडिसिन ने मिलकर डिज़ाइन किया। इसका उद्घाटन 2 अप्रैल 2026 को ISRO अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने वर्चुअल माध्यम से किया।

गगनयान कार्यक्रम में महत्त्व:

गगनयान मिशन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य 3 अंतरिक्ष यात्रियों को 400 किमी की कक्षा में 3 दिनों के लिए भेजना और उन्हें सुरक्षित वापस लाना है। यह मिशन 2026 से पहले लॉन्च होने की संभावना है, जिसमें LVM3 रॉकेट का उपयोग किया जाएगा। भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बनेगा।

MITRA मिशन इसके लिए महत्वपूर्ण डेटा प्रदान करता है:

      • अलगाव और तनाव में मानव अनुकूलन
      • शारीरिक और मानसिक प्रदर्शन
      • टीमवर्क और निर्णय क्षमता

इस डेटा का उपयोग सिमुलेशन प्रशिक्षण, क्रू संरचना और कर्तव्यों के आवंटन में किया जाएगा, जिससे मिशन की सफलता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के बारे में:

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) भारत की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी है, जिसकी स्थापना 15 अगस्त 1969 को डॉ. विक्रम साराभाई ने की थी। बेंगलुरु (कर्नाटक) में मुख्यालय, इसरो का उद्देश्य अंतरिक्ष तकनीक विकसित करना और राष्ट्रीय विकास के लिए उपग्रह, प्रक्षेपण यान (PSLV, GSLV) व मिशन (चंद्रयान, गगनयान, शुक्रयान) संचालित करना है।

निष्कर्ष:

मित्र (MITRA) मिशन भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारी में एक रणनीतिक पहल है। चरम और अलगाव वाले वातावरण में मानव और टीमों की प्रतिक्रियाओं का अध्ययन करके, इसरो सुनिश्चित करना चाहता है कि अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष की कठिनाइयों के लिए पूरी तरह तैयार हों। यह मिशन बहु-विषयक सहयोग का उदाहरण है, जो अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा विशेषज्ञता और चिकित्सा अनुसंधान को जोड़ता है और भारत के गगनयान कार्यक्रम और भविष्य के मानव अंतरिक्ष अन्वेषण प्रयासों का समर्थन करता है।