होम > Blog

Blog / 25 Jul 2026

निर्यात हेतु इन्वेंट्री-आधारित ई-कॉमर्स में एफडीआई

संदर्भ:

हाल ही में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) ने भारत में निर्मित वस्तुओं के निर्यात के लिए इन्वेंट्री-आधारित ई-कॉमर्स मॉडल में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की अनुमति दी है। इस निर्णय का उद्देश्य भारतीय निर्यात को बढ़ावा देना तथा विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को वैश्विक बाजारों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है। यह निर्णय ऐसे समय में आया है, जब वैश्विक व्यापार नियम अधिक कठोर हो रहे हैं और अमेरिका द्वारा नए शुल्क (टैरिफ) उपाय लागू किए जा रहे हैं।

इन्वेंट्री-आधारित मॉडल बनाम मार्केटप्लेस मॉडल:

      • भारत का ई-कॉमर्स क्षेत्र मुख्यतः दो मॉडलों पर कार्य करता है:
        • इन्वेंट्री-आधारित मॉडल: इसमें ई-कॉमर्स कंपनी स्वयं वस्तुओं का स्वामित्व रखती है तथा उन्हें सीधे ग्राहकों को बेचती है।
        • मार्केटप्लेस मॉडल: इसमें ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म केवल खरीदार और विक्रेता के बीच डिजिटल माध्यम के रूप में कार्य करता है तथा वस्तुओं का स्वामित्व नहीं रखता।
      • इस नीति परिवर्तन से पहले स्वचालित मार्ग (Automatic Route) के तहत केवल मार्केटप्लेस मॉडल में 100% एफडीआई की अनुमति थी, जबकि इन्वेंट्री-आधारित मॉडल में एफडीआई पर प्रतिबंध था, ताकि घरेलू खुदरा व्यापारियों के हितों की रक्षा की जा सके और अनुचित प्रतिस्पर्धा को रोका जा सके।

FDI in Inventory-Based E-commerce for Exports

नीति में परिवर्तन क्यों किया गया?

      • एफडीआई नियमों में यह छूट केवल निर्यात के लिए लागू होगी। घरेलू खुदरा बाजार में विदेशी निवेश वाली कंपनियों द्वारा इन्वेंट्री रखने पर पहले जैसी पाबंदियां जारी रहेंगी। इस नीति का उद्देश्य अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाना, बेहतर लॉजिस्टिक्स उपलब्ध कराना तथा भारतीय उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
      • अब अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसी बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियां निर्यात के लिए इन्वेंट्री रख सकेंगी, जिससे वे भारतीय निर्माताओं की ओर से निर्यात दस्तावेजीकरण, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, भंडारण तथा वैश्विक वितरण का अधिक कुशल प्रबंधन कर सकेंगी।

MSMEs के लिए लाभ:

      • एमएसएमई भारत के निर्यात तंत्र की रीढ़ हैं, लेकिन वे जटिल निर्यात प्रक्रियाओं के कारण अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं। नई नीति से उन्हें निम्नलिखित लाभ होंगे-
        • अनुपालन एवं दस्तावेजीकरण का बोझ कम होगा।
        • अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
        • लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग सुविधाएं मजबूत होंगी।
        • बड़े पैमाने पर निर्यात (Economies of Scale) को बढ़ावा मिलेगा।
        • भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।
      • यह सुधार विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाना, डिजिटल व्यापार को बढ़ावा देना तथा भारतीय उद्योगों को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जोड़ना है।

भारत के ई-कॉमर्स निर्यात की संभावनाएं:

      • वर्तमान में भारत का ई-कॉमर्स निर्यात लगभग 5 अरब डॉलर है, जबकि चीन का ई-कॉमर्स निर्यात लगभग 300 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के अनुसार, वर्ष 2030 तक भारत का ई-कॉमर्स निर्यात 350 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
      • नई एफडीआई नीति बाजार तक पहुंच बढ़ाकर, लेन-देन की लागत कम करके, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाकर तथा भारतीय उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाकर इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

चुनौतियां एवं चिंताएं:

इस नीति से कुछ चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं:

      • विदेशी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्मों पर बढ़ती निर्भरता।
      • कुछ बड़ी वैश्विक कंपनियों के हाथों बाजार के केंद्रीकरण का जोखिम।
      • यह सुनिश्चित करना कि एमएसएमई को समान रूप से लाभ मिले।
      • प्रतिस्पर्धा, डेटा गवर्नेंस और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा हेतु प्रभावी नियामकीय निगरानी की आवश्यकता।

निष्कर्ष:

निर्यात के लिए इन्वेंट्री-आधारित ई-कॉमर्स मॉडल में एफडीआई की अनुमति भारत के निर्यात तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नीति एमएसएमई का अनुपालन बोझ कम करने, वैश्विक बाजारों तक उनकी पहुंच बढ़ाने तथा भारतीय ई-कॉमर्स निर्यात को नई गति देने में सहायक सिद्ध हो सकती है, जबकि घरेलू खुदरा क्षेत्र के हित भी सुरक्षित रहेंगे।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj