होम > Blog

Blog / 14 Nov 2026

चीन तक NVIDIA AI चिप्स की पहुँच और तकनीकी जासूसी के आरोप

संदर्भ:

हाल ही में NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang) के कथित व्यक्तिगत संबंधों और चीन से जुड़े एक तकनीकी नेटवर्क को लेकर विवाद सामने आया है। रिपोर्टों के अनुसार, उनका संबंध सिंगापुर स्थित एक कंपनी की चीनी कार्यकारी अधिकारी से बताया गया है। अमेरिका को संदेह है कि इस कंपनी का उपयोग चीन तक प्रतिबंधित AI माइक्रोचिप पहुँचाने के लिए किया जा सकता है। इस घटनाक्रम ने अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद चीन को उन्नत NVIDIA चिप्स की उपलब्धता और वैश्विक AI प्रतिस्पर्धा पर ध्यान केंद्रित किया है।

NVIDIA चिप्स का महत्त्व:

      • NVIDIA एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो मुख्य रूप से ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) विकसित करती है। GPU मूल रूप से वीडियो गेम में 3D ग्राफिक्स तैयार करने के लिए विकसित किए गए थे।
      • चिप्स की समानांतर प्रसंस्करण (Parallel Processing) क्षमता इन्हें बड़े पैमाने पर डेटा विश्लेषण और एआई मॉडल विकसित करने के लिए उपयोगी बनाती है। इनका उपयोग AI मॉडल के प्रशिक्षण (Training) और संचालन (Inference) में किया जाता है।
      • 2022 में AI तकनीक में निवेश तेजी से बढ़ा, जिससे NVIDIA के GPU की वैश्विक माँग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

अमेरिका द्वारा NVIDIA चिप्स पर प्रतिबंध:

      • अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य उद्देश्यों में AI के संभावित उपयोग को देखते हुए चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर चिप्स के निर्यात पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका ने NVIDIA की अत्याधुनिक Blackwell और Rubin GPU श्रृंखलाओं के चीन को निर्यात पर प्रतिबंध लगाया है।
      • इन प्रतिबंधों का उद्देश्य चीन की उन्नत AI और सैन्य कंप्यूटिंग क्षमताओं को सीमित करना है। हालाँकि, अमेरिकी शर्तों और चीन की घरेलू चिप निर्माण नीति के कारण इन चिप्स की खरीद और आपूर्ति में बाधाएँ बनी हुई हैं।

चीन तक NVIDIA चिप्स पहुँचने के माध्यम:

अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन की कंपनियाँ निम्नलिखित माध्यमों से उन्नत GPU की कंप्यूटिंग क्षमता प्राप्त कर रही हैं:

      • तीसरे देशों के डेटा सेंटर का उपयोग: चीन की कंपनियाँ दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में स्थित डेटा सेंटर से GPU कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर ले रही हैं। उदाहरण के लिए, मलेशिया के जोहोर क्षेत्र में स्थापित NVIDIA GPU का उपयोग चीन के शेनझेन में स्थित कंपनियाँ दूरस्थ रूप से कर सकती हैं। इसी प्रकार, अमेरिकी अधिकारियों ने चीन की Moonshot AI कंपनी द्वारा थाईलैंड में उन्नत NVIDIA चिप्स तक पहुँच प्राप्त करने का आरोप लगाया है। इस व्यवस्था में चिप्स का भौतिक निर्यात प्रतिबंधित देश में नहीं होता, बल्कि विदेशी डेटा सेंटर के माध्यम से कंप्यूटिंग सेवाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
      • चिप्स की तस्करी: कुछ रिपोर्टों के अनुसार, चीन की DeepSeek कंपनी ने विदेशों में हजारों चिप्स को अलग-अलग हिस्सों में खोलकर चीन पहुँचाने के बाद उनका उपयोग AI मॉडल के प्रशिक्षण में किया। हालाँकि, NVIDIA ने इस प्रकार की तस्करी के दावों के समर्थन में पर्याप्त प्रमाण नहीं होने की बात कही है।

चीन की स्वदेशी AI चिप क्षमता:

      • अमेरिकी प्रतिबंधों ने चीन को घरेलू सेमीकंडक्टर उद्योग विकसित करने के लिए प्रेरित किया है।
        • Huawei: यह चीन की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो NVIDIA के विकल्प के रूप में उन्नत AI चिप्स विकसित कर रही है।
        • DeepSeek: रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी अपने आगामी बड़े AI मॉडल के प्रशिक्षण में Huawei चिप्स का उपयोग करने की योजना बना रही है।
        • Moonshot AI और Z.ai: ये चीनी AI कंपनियाँ उन्नत AI मॉडल विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही हैं।
      • Huawei ने सितंबर 2026 में घोषणा की कि उसकी अगली पीढ़ी की AI चिप वर्ष 2027 की पहली तिमाही में तैयार होगी।
      • हालाँकि, चीनी चिप्स अभी भी NVIDIA के उन्नत GPU की तुलना में प्रदर्शन और दक्षता के मामले में पीछे हैं। अधिक संख्या में चिप्स का उपयोग करके इस अंतर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए चीन की कंपनियों को सस्ती बिजली और सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलता है।

भारत के लिए महत्त्व:

      • सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता: भारत को घरेलू चिप निर्माण और डिजाइन क्षमता विकसित करनी चाहिए।
      • AI संप्रभुता: AI मॉडल के प्रशिक्षण और संचालन के लिए घरेलू कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाना आवश्यक है।
      • वैश्विक आपूर्ति शृंखला: भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला में अपनी भागीदारी मजबूत करनी चाहिए।
      • राष्ट्रीय सुरक्षा: रक्षा, साइबर सुरक्षा और संचार जैसे क्षेत्रों में विदेशी तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता कम करनी चाहिए।
      • तकनीकी कूटनीति: अमेरिका, जापान, ताइवान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के साथ तकनीकी सहयोग बढ़ाना चाहिए।

निष्कर्ष:

NVIDIA चिप्स तक चीन की पहुँच से स्पष्ट होता है कि वर्तमान समय में सेमीकंडक्टर केवल औद्योगिक उत्पाद नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति, राष्ट्रीय सुरक्षा और भू-राजनीतिक प्रभाव का महत्त्वपूर्ण साधन बन चुके हैं। भारत को इस बदलती तकनीकी व्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता, स्वदेशी AI क्षमता और वैश्विक तकनीकी सहयोग को और ज्यादा प्राथमिकता देनी चाहिए।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj