होम > Daily-mcqs
Daily-mcqs 17 Jun 2026
Q1:
हाल ही में भारत–स्लोवाकिया संबंधों के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: 1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2026 की यात्रा के दौरान भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को Comprehensive Partnership के स्तर तक उन्नत किया। 2. स्लोवाकिया ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में स्थायी सदस्यता तथा न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप (NSG) की सदस्यता का समर्थन किया। 3. दोनों देशों ने Comprehensive Convention on International Terrorism (CCIT) को शीघ्र अपनाने के समर्थन की पुनः पुष्टि की। उपरोक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
A: केवल 1 और 2
B: केवल 2 और 3
C: केवल 1 और 3
D: 1, 2 और 3
उत्तर: D
स्पष्टीकरण:
कथन 1 सही है। प्रधानमंत्री मोदी की जून 2026 की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को Comprehensive Partnership में परिवर्तित किया।
कथन 2 सही है। स्लोवाकिया ने भारत की UNSC की स्थायी सदस्यता और NSG सदस्यता के लिए अपना समर्थन दोहराया।
कथन 3 सही है। दोनों देशों ने आतंकवाद के विरुद्ध सहयोग बढ़ाने तथा CCIT को शीघ्र अपनाने का समर्थन किया।
Q2:
ड्रॉप शिपिंग (Drop Shipping) व्यवसाय मॉडल के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: 1. ड्रॉप शिपिंग मॉडल में विक्रेता के लिए उन उत्पादों का भौतिक भंडार (Physical Inventory) रखना कानूनी रूप से आवश्यक नहीं होता है, जिन्हें वह बेचता है। 2. भारतीय कानून के तहत ड्रॉप शिपिंग प्लेटफॉर्म उपभोक्ता शिकायत निवारण तंत्र (Consumer Grievance Redressal Mechanism) से पूरी तरह मुक्त होते हैं, क्योंकि वे वस्तुओं के स्वामी नहीं होते हैं। 3. भारत में ड्रॉप शिपर्स को वस्तु एवं सेवा कर (GST) पंजीकरण से छूट प्राप्त होती है, यदि वे जिन वस्तुओं का विपणन करते हैं उनका भौतिक भंडारण नहीं करते हैं। उपरोक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
A: केवल 1
B: केवल 2 और 3
C: केवल 1 और 3
D: 1, 2 और 3
उत्तर: A
स्पष्टीकरण:
कथन 1 सही है।
ड्रॉप शिपिंग की प्रमुख विशेषता यह है कि विक्रेता एक ऑनलाइन स्टोरफ्रंट या विपणनकर्ता (Marketer) के रूप में कार्य करता है तथा उत्पादों के भंडारण और लॉजिस्टिक्स प्रबंधन की जिम्मेदारी किसी तृतीय-पक्ष निर्माता (Manufacturer) या थोक विक्रेता (Wholesaler) को सौंप देता है। इसलिए विक्रेता को स्वयं भौतिक स्टॉक रखने की आवश्यकता नहीं होती।
कथन 2 गलत है।
उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) नियम, 2020 के तहत ड्रॉप शिपर्स को विक्रेता तथा ई-कॉमर्स इकाई के रूप में मान्यता प्राप्त है। उत्पाद की डिलीवरी कोई अन्य पक्ष करे, फिर भी विक्रेता वस्तुओं एवं सेवाओं से संबंधित दायित्वों से मुक्त नहीं होता। उसे दोषपूर्ण वस्तुओं की वापसी, धनवापसी (Refund) की प्रक्रिया तथा उपभोक्ता शिकायतों के निवारण हेतु शिकायत अधिकारी (Grievance Officer) नियुक्त करने जैसी जिम्मेदारियां निभानी होती हैं।
कथन 3 गलत है।
ड्रॉप शिपिंग एक वैध व्यवसाय मॉडल है, लेकिन कानून की दृष्टि में विक्रेता वस्तुओं की बिक्री कर रहा होता है। इसलिए भारत में ड्रॉप शिपर्स पर भी कर संबंधी नियम लागू होते हैं। यदि व्यवसाय का वार्षिक कारोबार निर्धारित सीमा (उदाहरणतः वस्तुओं के लिए ₹40 लाख) से अधिक हो जाता है, तो GST पंजीकरण सामान्यतः अनिवार्य होता है, चाहे विक्रेता स्वयं भौतिक स्टॉक रखता हो या नहीं।
Q3:
भारत में ई-कॉमर्स और डिजिटल उद्यमिता को नियंत्रित करने वाले कानूनी ढांचे के संदर्भ में निम्नलिखित कानूनों पर विचार कीजिए: 1. सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (Information Technology Act, 2000): यह सरकार को साइबर धोखाधड़ी तथा डेटा-संबंधी अपराधों के लिए दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार प्रदान करता है। 2. उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) नियम, 2020 [Consumer Protection (E-Commerce) Rules, 2020]: यह विक्रेता की जानकारी, उत्पाद के मूल देश (Country of Origin) तथा रिफंड/रिटर्न नीतियों के प्रकटीकरण को अनिवार्य बनाता है, ताकि उपभोक्ताओं को अनुचित व्यापारिक प्रथाओं से संरक्षण मिल सके। 3. डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम, 2023 [Digital Personal Data Protection Act, 2023]: यह डिजिटल संस्थाओं द्वारा उपभोक्ता डेटा के प्रबंधन को विनियमित करता है तथा पारदर्शी सहमति (Consent) तंत्र सुनिश्चित करता है। उपरोक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
A: केवल 1 और 2
B: केवल 2 और 3
C: केवल 1 और 3
D: 1, 2 और 3
उत्तर: D
स्पष्टीकरण:
कथन 1 सही है।
ड्रॉप शिपिंग से जुड़े फर्जी ऑनलाइन स्टोर, साइबर ठगी और धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 साइबर फ्रॉड, फिशिंग तथा डिजिटल डेटा तक अनधिकृत पहुंच जैसे अपराधों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण कानूनी साधन है।
कथन 2 सही है।
ऐसी परिस्थितियों को रोकने के लिए, जहाँ ड्रॉप शिपर्स कीमतों को कृत्रिम रूप से बढ़ा सकते हैं या केवल दिखावटी (Shell) ऑनलाइन स्टोर संचालित कर सकते हैं, उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) नियम, 2020 प्रत्येक ई-कॉमर्स इकाई के लिए विक्रेता की पूर्ण जानकारी, उत्पाद के मूल देश तथा विनिमय (Exchange), वापसी (Return) और धनवापसी (Refund) की स्पष्ट शर्तों को प्रदर्शित करना अनिवार्य बनाते हैं।
कथन 3 सही है।
ड्रॉप शिपिंग मॉडल में बड़ी मात्रा में व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, पता और भुगतान संबंधी विवरण एकत्रित एवं संसाधित किए जाते हैं। डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम, 2023 यह सुनिश्चित करता है कि डिजिटल संस्थाएं इस व्यक्तिगत डेटा का उपयोग कानूनसम्मत तरीके से करें तथा ऑनलाइन उपभोक्ताओं की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं।
Q4:
हाल ही में परीक्षण किए गए Long Range Land Attack Cruise Missile (LRLACM) के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: 1. यह एक स्वदेशी, सतह से प्रक्षेपित (surface-launched) सबसोनिक क्रूज़ मिसाइल है। 2. इसमें स्वदेशी टर्बोफैन इंजन का उपयोग किया गया है। 3. यह अपनी उड़ान के अधिकांश भाग में वायुमंडल के बाहर (outside the atmosphere) संचालित होती है। 4. इसमें टेरेन-फॉलोइंग (Terrain Following) एवं टेरेन-हगिंग (Terrain Hugging) क्षमता है। नीचे दिए गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिए:
A: केवल 1 और 2
B: केवल 1,2 और 4
C: केवल 1, 2 और 3
D: 1, 2 ,3 और 4
उत्तर: B
स्पष्टीकरण:
कथन 1 सही है। LRLACM एक स्वदेशी, सबसोनिक एवं सतह से प्रक्षेपित क्रूज़ मिसाइल है, जिसे लंबी दूरी पर उच्च-सटीकता वाले जमीनी लक्ष्यों को भेदने के लिए विकसित किया गया है।
कथन 2 सही है। इसमें स्वदेशी टर्बोफैन इंजन का उपयोग किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत पहल के अनुरूप है।
कथन 3 गलत है। क्रूज़ मिसाइलें सामान्यतः वायुमंडल के भीतर उड़ान भरती हैं, जबकि बैलिस्टिक मिसाइलें अपने मार्ग के एक बड़े हिस्से में वायुमंडल के बाहर जा सकती हैं।
कथन 4 सही है। इसकी Terrain Following और Terrain Hugging क्षमता इसे कम ऊँचाई पर उड़ान भरने और दुश्मन के रडार से बचने में सक्षम बनाती है।
Q5:
क्रूज़ मिसाइलों एवं बैलिस्टिक मिसाइलों के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: 1. क्रूज़ मिसाइल अपनी अधिकांश उड़ान के दौरान इंजन द्वारा संचालित रहती है। 2. बैलिस्टिक मिसाइलें सामान्यतः पूर्वानुमेय (predictable) प्रक्षेपवक्र का अनुसरण करती हैं। 3. क्रूज़ मिसाइलें कम ऊँचाई पर उड़ान भरने के कारण रडार द्वारा पहचानना अपेक्षाकृत कठिन होता है। 4. बैलिस्टिक मिसाइलों में टेरेन-फॉलोइंग क्षमता क्रूज़ मिसाइलों की तुलना में अधिक विकसित होती है। उपरोक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
A: केवल 1 और 2
B: केवल 1, 2 और 3
C: केवल 2,3 और 4
D: 1, 2,3 और 4
उत्तर: B
स्पष्टीकरण:
कथन 1 सही है। क्रूज़ मिसाइलें अपनी उड़ान के अधिकांश भाग में निरंतर इंजन शक्ति का उपयोग करती हैं।
कथन 2 सही है। बैलिस्टिक मिसाइलें एक निर्धारित बैलिस्टिक ट्रैजेक्टरी का अनुसरण करती हैं, जिससे उनका मार्ग अपेक्षाकृत पूर्वानुमेय होता है।
कथन 3 सही है। कम ऊँचाई एवं भू-आकृति के अनुरूप उड़ान के कारण क्रूज़ मिसाइलों का पता लगाना कठिन होता है।
कथन 4 गलत है। Terrain Following/Terrain Hugging क्षमता क्रूज़ मिसाइलों की विशेषता है, बैलिस्टिक मिसाइलों की नहीं।