सन्दर्भ:
किसी भी लोकतांत्रिक समाज की प्रगति का आकलन केवल उसकी आर्थिक समृद्धि, तकनीकी विकास अथवा आधारभूत संरचना से नहीं किया जा सकता, बल्कि यह भी देखना आवश्यक है कि समाज के सबसे वंचित और हाशिए पर खड़े वर्गों को कितने समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो रहे हैं। भारतीय समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा, भेदभाव, आर्थिक असुरक्षा और संस्थागत बाधाओं का सामना करता रहा है। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन जैसे बुनियादी क्षेत्रों में उनकी भागीदारी आज भी अनेक चुनौतियों से प्रभावित है।
इसी संदर्भ में दिल्ली सरकार द्वारा आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराने का निर्णय महत्त्वपूर्ण है। 17 नवंबर 2026 को स्वीकृत इस पहल के तहत केंद्र सरकार की ओर से ₹5 लाख तथा दिल्ली सरकार की ओर से अतिरिक्त ₹5 लाख का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाएगा। यह पहल केवल स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन और समान नागरिक अधिकारों की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
ट्रांसजेंडर समुदाय की सामाजिक स्थिति:
ट्रांसजेंडर समुदाय उन व्यक्तियों का समूह है जिनकी लैंगिक पहचान जन्म के समय निर्धारित लिंग से अलग हो सकती है। इसमें ट्रांस-मेन, ट्रांस-वुमेन, इंटरसेक्स और जेंडर-क्वीर सहित विभिन्न लैंगिक पहचान वाले व्यक्ति शामिल हैं। भारतीय समाज में किन्नर, हिजड़ा, अरावणी और जोगता जैसी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचानें भी प्रचलित हैं।
भारत में इस समुदाय की स्थिति विरोधाभासी रही है। एक ओर भारतीय परंपरा और इतिहास में किन्नर समुदाय का उल्लेख मिलता है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक समाज में उन्हें सामाजिक स्वीकार्यता और समान अवसरों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। जनगणना 2011 में पहली बार पुरुष और महिला के अतिरिक्त 'अन्य' श्रेणी के अंतर्गत लगभग 4.87 लाख व्यक्तियों को दर्ज किया गया था। हालांकि, यह आँकड़ा समुदाय की वास्तविक संख्या का पूर्ण प्रतिनिधित्व नहीं करता।
स्वास्थ्य सुरक्षा : सामाजिक समावेशन का महत्त्वपूर्ण आधार
स्वास्थ्य केवल बीमारी का उपचार नहीं, बल्कि सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण जीवन का आधार है। ट्रांसजेंडर समुदाय के संदर्भ में स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्त्व और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि उन्हें सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के साथ-साथ लैंगिक पहचान से संबंधित विशेष स्वास्थ्य आवश्यकताओं का भी सामना करना पड़ता है।
आर्थिक कमजोरी और सामाजिक भेदभाव के कारण अनेक व्यक्ति समय पर उपचार प्राप्त नहीं कर पाते। निजी अस्पतालों में महँगा इलाज तथा सरकारी अस्पतालों में संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव उनकी समस्याओं को बढ़ाता है।
इसी संदर्भ में दिल्ली सरकार का ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराने का निर्णय महत्त्वपूर्ण है। इसके तहत पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और उनके परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। इस पहल में 1,961 उपचार पैकेज और 27 चिकित्सा विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है। इसके लिए दिल्ली सरकार द्वारा प्रतिवर्ष लगभग ₹1.19 करोड़ अतिरिक्त व्यय का अनुमान है।
यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आर्थिक रूप से सुलभ बनाने के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा की कल्याणकारी व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव इस बात पर निर्भर करेगा कि पात्र लाभार्थियों तक योजना की जानकारी, पंजीकरण और उपचार की सुविधाएँ कितनी प्रभावी ढंग से पहुँचती हैं।
सामाजिक बहिष्करण और भेदभाव की प्रमुख चुनौतियाँ:
ट्रांसजेंडर समुदाय की समस्याएँ केवल व्यक्तिगत पहचान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक संरचना, पारिवारिक व्यवस्था और संस्थागत व्यवहार से भी जुड़ी हुई हैं।
1. पारिवारिक अस्वीकार्यता और सामाजिक बहिष्करण: भारतीय समाज में परिवार व्यक्ति की सामाजिक सुरक्षा का प्रमुख आधार है। लेकिन लैंगिक पहचान के कारण अनेक ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को परिवार से अस्वीकार्यता, मानसिक उत्पीड़न और घर छोड़ने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनका भावनात्मक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है।
2. शिक्षा के क्षेत्र में चुनौतियाँ: विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव, उपहास, असुरक्षित वातावरण तथा आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण अनेक ट्रांसजेंडर विद्यार्थी शिक्षा बीच में छोड़ने के लिए मजबूर हो जाते हैं। परिणामस्वरूप उनके लिए रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर सीमित हो जाते हैं।
3. रोजगार और आर्थिक असुरक्षा: निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में सामाजिक पूर्वाग्रह और भेदभाव के कारण इस समुदाय को रोजगार प्राप्त करने में कठिनाइयाँ होती हैं। पर्याप्त कौशल और योग्यता होने के बावजूद उन्हें समान अवसर नहीं मिल पाते। इसके परिणामस्वरूप अनेक व्यक्ति अनौपचारिक रोजगार और आर्थिक असुरक्षा की स्थिति में जीवन व्यतीत करते हैं।
4. स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुँच: ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को अस्पतालों में भेदभावपूर्ण व्यवहार, प्रशिक्षित चिकित्सकों की कमी, लैंगिक पहचान के प्रति संवेदनशीलता का अभाव तथा विशेष स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हार्मोन थेरेपी और जेंडर-अफर्मेशन सर्जरी जैसी आवश्यक सेवाएँ भी सभी के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
5. हिंसा और असुरक्षा: सामाजिक पूर्वाग्रहों के कारण ट्रांसजेंडर व्यक्ति शारीरिक हिंसा, यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक स्थानों पर भेदभाव के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। कई बार उनके साथ होने वाली घटनाओं की शिकायत भी उचित रूप से दर्ज नहीं हो पाती।
संवैधानिक एवं कानूनी संरक्षण:
1. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण बनाम भारत संघ, 2014 (NALSA मामला): सर्वोच्च न्यायालय ने इस ऐतिहासिक निर्णय में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को तीसरे लिंग के रूप में मान्यता दी। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि उन्हें भी संविधान के मौलिक अधिकार प्राप्त हैं।
इसके अतिरिक्त, ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं में भेदभाव को प्रतिबंधित करने का प्रावधान किया गया है। अधिनियम की धारा 15 विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा देखभाल, परामर्श और स्वास्थ्य बीमा से संबंधित उपायों पर बल देती है।
2. ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और 2026 के संशोधन:
नालसा निर्णय के बाद संसद ने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 पारित किया।
इस अधिनियम का प्रमुख उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के विरुद्ध होने वाले भेदभाव को समाप्त करना तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं तक समान पहुंच प्रदान करना था।
अधिनियम की प्रमुख विशेषताएँ थीं:
- ट्रांसजेंडर व्यक्ति की कानूनी पहचान को मान्यता देना।
- शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और आवास में भेदभाव पर रोक लगाना।
- पहचान प्रमाणपत्र प्राप्त करने की व्यवस्था करना।
- ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के कल्याण के लिए सरकार की जिम्मेदारियाँ निर्धारित करना।
- राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर व्यक्ति परिषद की स्थापना करना।
हालाँकि, 2026 में इस अधिनियम में संशोधन के माध्यम से लैंगिक पहचान की कानूनी मान्यता की प्रक्रिया में महत्त्वपूर्ण बदलाव किए गए। संशोधन के अंतर्गत पहचान प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था में जिला मजिस्ट्रेट तथा निर्धारित चिकित्सा बोर्ड की भूमिका को अधिक महत्त्व दिया गया। साथ ही, ट्रांसजेंडर व्यक्ति की परिभाषा और पहचान के लिए लागू प्रक्रिया में भी बदलाव किए गए।
हालाँकि चिकित्सा और प्रशासनिक प्रमाणन पर अधिक निर्भरता व्यक्ति के आत्मनिर्णय के अधिकार को कमजोर कर सकती है। इससे ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और गरिमा प्रभावित होने की आशंका है।
ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण के लिए सरकारी पहलें:
SMILE योजना: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य हाशिए पर स्थित व्यक्तियों का पुनर्वास और सशक्तीकरण करना है। इसके अंतर्गत ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए कौशल विकास, आजीविका, स्वास्थ्य और पुनर्वास संबंधी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
गरिमा गृह: परिवार और समाज से अस्वीकृति के कारण बेघर हुए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को सुरक्षित आवास, भोजन, चिकित्सा और कौशल विकास की सुविधाएँ प्रदान करने के लिए गरिमा गृह स्थापित किए गए हैं।
आयुष्मान भारत–ट्रांसजेंडर स्वास्थ्य योजना: PM-JAY के साथ समन्वय के माध्यम से पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को स्वास्थ्य बीमा और लैंगिक पहचान से संबंधित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर व्यक्ति पोर्टल: इसके माध्यम से ट्रांसजेंडर पहचान प्रमाणपत्र और पहचान पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को डिजिटल एवं सुविधाजनक बनाया गया है।
राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर व्यक्ति परिषद: इसका उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित नीतियों, योजनाओं और कानूनी संरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करना है।
समावेशी समाज के निर्माण के लिए आवश्यक उपाय:
ट्रांसजेंडर समुदाय का सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित उपाय आवश्यक हैं:
1. शिक्षा में समावेशिता: शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रहित वातावरण तथा लैंगिक विविधता के प्रति जागरूकता विकसित करना।
2. रोजगार के अवसर: कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना।
3. स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना तथा चिकित्साकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देना।
4. सामाजिक जागरूकता: परिवार, मीडिया और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से लैंगिक विविधता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना।
5. प्रभावी शिकायत निवारण: भेदभाव, हिंसा और उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए सुलभ एवं प्रभावी तंत्र विकसित करना।
6. विश्वसनीय आँकड़ों का संकलन: शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य से संबंधित अद्यतन आँकड़ों के आधार पर लक्षित नीतियाँ तैयार करना।
निष्कर्ष:
ट्रांसजेंडर समुदाय का सशक्तीकरण केवल एक कल्याणकारी विषय नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की समानता, स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की प्रतिबद्धता से जुड़ा प्रश्न है। दिल्ली सरकार द्वारा PM-JAY के अंतर्गत ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराने की पहल इस दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है। हालांकि, वास्तविक सामाजिक परिवर्तन तभी संभव होगा जब स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक स्वीकार्यता और समान अवसरों को भी सुनिश्चित किया जाए।
अतः आवश्यकता है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को केवल सहायता प्राप्त करने वाले वर्ग के रूप में नहीं, बल्कि समान अधिकारों वाले सक्रिय नागरिक के रूप में स्वीकार किया जाए। समावेशी समाज का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पहचान के साथ सम्मानपूर्वक जीने, विकास करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का समान अवसर प्राप्त हो।
