होम > Daily-current-affairs

Daily-current-affairs / 26 Nov 2026

कॉप-31: जलवायु न्याय और जीवाश्म ईंधन के मुद्दे पर बढ़ता वैश्विक मतभेद

कॉप-31: जलवायु न्याय और जीवाश्म ईंधन के मुद्दे पर बढ़ता वैश्विक मतभेद

सन्दर्भ: 

हाल ही में, 9 से 22 नवंबर 2026 तक संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क अभिसमय (UNFCCC) के पक्षकारों का 31वाँ सम्मेलन (COP31) तुर्किये के अंताल्या (Antalya) में आयोजित हुआ। यह सम्मेलन अपने मुख्य राजनीतिक समझौते, जिसे ‘अंताल्या समझौता’ (Antalya Pact) कहा जाता है, पर आम सहमति बनाए बिना ही समाप्त हो गया। इसकी विफलता का प्रमुख कारण यह था कि देशों के बीच इस बात पर असहमति थी कि अंतिम समझौते में जीवाश्म ईंधनों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए या नहीं तथा कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस से धीरे-धीरे बाहर निकलने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जाए या नहीं।

कॉप-31 के विषय में:

      • कॉप का अर्थ ‘पक्षकारों का सम्मेलन’ (Conference of the Parties) है। यह किसी अंतरराष्ट्रीय अभिसमय का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय होता है। कॉप-31, UNFCCC के अंतर्गत आयोजित 31वाँ वार्षिक जलवायु सम्मेलन है, जिसमें जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामूहिक उपायों पर बातचीत करने हेतु लगभग 200 देश एक साथ आते हैं। यह सम्मेलन नवंबर 2026 में तुर्किये के अंताल्या में आयोजित किया गया, जिसमें तुर्किये मेजबान देश था तथा ऑस्ट्रेलिया ने वार्ता प्रक्रिया में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
      • COP31 के महत्त्व को समझने के लिए तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय जलवायु समझौतों को समझना आवश्यक है। वर्ष 1992 में अपनाए गए संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क अभिसमय (UNFCCC) का उद्देश्य वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता को स्थिर करना है। वर्ष 1997 में अपनाए गए क्योटो प्रोटोकॉल ने विकसित देशों के लिए उत्सर्जन में कटौती के कानूनी रूप से बाध्यकारी लक्ष्य निर्धारित किए। इसके बाद, वर्ष 2015 में अपनाए गए पेरिस समझौते ने वैश्विक तापमान वृद्धि को औद्योगिक-पूर्व स्तर से 2°C से काफी नीचे रखने तथा इसे 1.5°C तक सीमित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

COP31 वार्ता में विफलता के प्रमुख कारण:

      • COP31 की विफलता का प्रमुख कारण जीवाश्म ईंधनों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के मुद्दे पर देशों के बीच असहमति थी। यूरोपीय संघ (EU) और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील देशों ने कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस से बाहर निकलने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप की मांग की, जबकि सऊदी अरब, रूस और अन्य तेल उत्पादक देशों ने ऐसी सख्त प्रतिबद्धताओं का विरोध किया, जो उनकी अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित कर सकती थीं।
      • अन्य प्रमुख असहमतियों में विकसित देशों की ऐतिहासिक जिम्मेदारी, जलवायु वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण शामिल थे। विकासशील देशों ने जलवायु अनुकूलन और न्यायसंगत ऊर्जा परिवर्तन के लिए अधिक वित्तीय सहायता की मांग की। उनका तर्क था कि ऐतिहासिक उत्सर्जन में विकसित देशों का योगदान अधिक रहा है।
      • कार्बन कैप्चर एवं भंडारण (Carbon Capture and Storage-CCS) को लेकर भी देशों के बीच मतभेद सामने आए। कुछ देशों ने इसे जीवाश्म ईंधनों के उपयोग को जारी रखते हुए उत्सर्जन कम करने का एक माध्यम माना, जबकि आलोचकों का तर्क था कि CCS पर अत्यधिक निर्भरता नवीकरणीय ऊर्जा की ओर संक्रमण को धीमा कर सकती है।

कॉप-31: जलवायु न्याय और जीवाश्म ईंधन के मुद्दे पर बढ़ता वैश्विक मतभेद

जीवाश्म ईंधनों पर वैश्विक दृष्टिकोण का विकसित होना: 

      • वैश्विक जलवायु वार्ताओं में धीरे-धीरे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में बदलाव आया है। COP26 (ग्लासगो, 2021) में देशों ने बिना उत्सर्जन नियंत्रण उपायों वाले कोयला आधारित विद्युत उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से कम करने तथा अकुशल जीवाश्म ईंधन सब्सिडी को समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की।
      • COP27 (2022) में जलवायु परिवर्तन से प्रभावित संवेदनशील देशों को होने वाली क्षति और नुकसान की भरपाई के लिए ‘हानि एवं क्षति कोष’ (Loss and Damage Fund) की स्थापना की गई।
      • COP28 (दुबई, 2023) सम्मेलन ऐतिहासिक कदम साबित हुआ, क्योंकि इसमें देशों ने न्यायसंगत, व्यवस्थित और समान तरीके से ऊर्जा प्रणालियों में जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने पर सहमति व्यक्त की थी।
      • COP29 (बाकू, 2024) में जलवायु वित्त पर ध्यान केंद्रित किया गया तथा वर्ष 2035 तक विकासशील देशों के लिए प्रतिवर्ष कम-से-कम 300 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
      • COP30 (बेलेम, 2025) में जीवाश्म ईंधनों से संक्रमण के लिए रोडमैप पर चर्चा जारी रही, जबकि COP31 (अंताल्या, 2026) जीवाश्म ईंधन संबंधी प्रतिबद्धताओं और जलवायु वित्त पर असहमति के कारण अपने मुख्य राजनीतिक समझौते पर आम सहमति बनाने में विफल रहा।
      • समग्र रूप से, देश स्वच्छ ऊर्जा की ओर संक्रमण की आवश्यकता को स्वीकार करते हैं, लेकिन इसकी गति, वित्तपोषण और कार्यान्वयन को लेकर उनके बीच मतभेद बने हुए हैं।

COP31 में भारत का पक्ष:

      • भारत का दृष्टिकोण जलवायु कार्रवाई के साथ आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु न्याय के बीच संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता को दर्शाता है। भारत का तर्क है कि सभी देशों के लिए जीवाश्म ईंधनों को एक समान तरीके से समाप्त करने का दृष्टिकोण उपयुक्त नहीं है, क्योंकि विभिन्न देशों की विकास संबंधी आवश्यकताएँ और आर्थिक क्षमताएँ अलग-अलग हैं।
      • भारत के विद्युत उत्पादन में कोयले की महत्त्वपूर्ण भूमिका बनी हुई है, जबकि औद्योगीकरण, शहरीकरण और गरीबी उन्मूलन के लिए सस्ती एवं विश्वसनीय ऊर्जा आवश्यक है। भारत विकसित देशों की ऐतिहासिक जिम्मेदारी पर भी जोर देता है तथा पर्याप्त जलवायु वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की मांग करता है।
      • भारत का दृष्टिकोण समान लेकिन विभेदित उत्तरदायित्व एवं संबंधित क्षमताओं (Common but Differentiated Responsibilities and Respective Capabilities- CBDR-RC) के सिद्धांत से निर्देशित होता है। यह सिद्धांत स्वीकार करता है कि सभी देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रयास करने चाहिए, लेकिन ऐतिहासिक उत्सर्जन और उनकी संबंधित क्षमताओं के आधार पर उनकी जिम्मेदारियाँ अलग-अलग होनी चाहिए। विकसित देशों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस दिशा में नेतृत्व करें तथा विकासशील देशों को वित्तीय और तकनीकी सहायता प्रदान करें।
      • इस प्रकार, भारत एक ऐसे न्यायसंगत जलवायु परिवर्तन की वकालत करता है, जो पर्यावरणीय स्थिरता से समझौता किए बिना विकास संबंधी प्राथमिकताओं की रक्षा करे।

COP31 में समझौता न हो पाने के प्रमुख प्रभाव:

      • COP31 की विफलता बहुपक्षीय जलवायु शासन में विश्वास को कमजोर करती है और जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में मजबूत वैश्विक प्रतिबद्धताओं को अपनाने में देरी कर सकती है। इससे जलवायु वित्त, नवीकरणीय ऊर्जा निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर अनिश्चितता भी बढ़ती है।
      • विकासशील और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील देशों को जलवायु शमन (Mitigation) तथा अनुकूलन (Adaptation) के लिए आवश्यक संसाधन प्राप्त करने में अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, जलवायु कार्रवाई में तेजी लाने में विफलता से पेरिस समझौते की 1.5°C तापमान सीमा पार होने का जोखिम बढ़ जाता है। इसके परिणामस्वरूप अत्यधिक गर्मी की लहरें, समुद्र के जलस्तर में वृद्धि, ग्लेशियरों का पिघलना, बाढ़, सूखा, जैव विविधता का नुकसान तथा खाद्य एवं जल असुरक्षा जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
      • हालाँकि, मुख्य राजनीतिक समझौते की विफलता का अर्थ यह नहीं है कि जलवायु परिवर्तन से संबंधित सभी सहयोग रुक गए हैं, क्योंकि जलवायु अनुकूलन और न्यायसंगत संक्रमण से जुड़े अलग-अलग निर्णयों पर काम जारी रहा।

आगे की राह:

      • COP31 में उत्पन्न गतिरोध एक अधिक न्यायसंगत और समावेशी वैश्विक जलवायु ढाँचे की आवश्यकता को दर्शाती है। देशों को राष्ट्रीय परिस्थितियों और ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने के लिए लचीले एवं समयबद्ध रोडमैप विकसित करने चाहिए।
      • विकसित देशों को अपनी जलवायु वित्त संबंधी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना चाहिए तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को मजबूत करना चाहिए, ताकि विकासशील देशों के लिए नवीकरणीय ऊर्जा, बैटरी भंडारण और हरित हाइड्रोजन तक पहुँच अधिक सुलभ हो सके। इसके साथ ही, न्यायसंगत संक्रमण (Just Transition) को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके अंतर्गत जीवाश्म ईंधन उद्योगों पर निर्भर श्रमिकों और समुदायों को कौशल विकास तथा वैकल्पिक रोजगार के अवसर प्रदान करके उनकी आजीविका की रक्षा की जानी चाहिए।
      • अंततः, जलवायु न्याय और CBDR-RC के सिद्धांतों पर आधारित समावेशी वार्ताओं के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है। इसके साथ ही, जलवायु अनुकूलन, आपदा तैयारी, पूर्व चेतावनी प्रणालियों और जलवायु-अनुकूल बुनियादी ढाँचे पर भी अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए।

निष्कर्ष:

COP31 यह दर्शाता है कि जलवायु परिवर्तन केवल एक पर्यावरणीय मुद्दा नहीं है, बल्कि यह आर्थिक न्याय, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से भी जुड़ा हुआ है। अंताल्या समझौते को अपनाने में विफलता मौजूदा वैश्विक जलवायु वार्ता ढाँचे की सीमाओं तथा विकसित और विकासशील देशों के बीच बने हुए मतभेदों को उजागर करती है।

पर्यावरणीय स्थिरता और विकास संबंधी प्राथमिकताओं के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर होना चाहिए। एक सफल वैश्विक जलवायु ढाँचे को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विकसित देश अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारियों को पूरा करें, जबकि विकासशील देशों को पर्याप्त वित्त, प्रौद्योगिकी और नीतिगत लचीलापन प्राप्त हो।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj