होम > Blog

Blog / 24 Nov 2026

पश्चिम बंगाल का नाम परिवर्तन: कैबिनेट ने ‘पश्चिम बंग’ को दी मंजूरी

सन्दर्भ:

हाल ही में, पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस संबंध में 9 दिसंबर 2026 को पश्चिम बंगाल विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव का उद्देश्य राज्य की बंगाली भाषाई और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हुए एक समान नाम स्थापित करना है। हालाँकि, मंत्रिमंडल की मंजूरी से राज्य का आधिकारिक नाम स्वतः नहीं बदल जाता है। इसके लिए अनुच्छेद 3 के तहत निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है।

मुद्दे की पृष्ठभूमि:

      • पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग का एक लंबा राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास रहा है। वर्ष 1999 में ‘पश्चिम बंग’ नाम अपनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। वर्ष 2011 में राज्य सरकार ने पुनः इसी नाम का प्रस्ताव रखा।
      • वर्ष 2016 में विधानसभा ने तीन अलग-अलग नाम सुझाए थे—बंगाली में ‘बांग्ला’, अंग्रेजी में ‘बंगाल’ और हिंदी में ‘बांगाल’। केंद्र सरकार ने एक समान नाम अपनाने की आवश्यकता जताई। इसके बाद, वर्ष 2018 में विधानसभा ने सभी भाषाओं में ‘बांग्ला’ नाम रखने का प्रस्ताव दिया, लेकिन इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली।
      • नवीनतम प्रस्ताव का उद्देश्य ‘पश्चिम बंग’ के रूप में एक समान आधिकारिक पहचान स्थापित करना है। इस मांग से ऐतिहासिक रूप से जुड़ा एक तर्क यह भी रहा है कि ‘वेस्ट बंगाल’ नाम के कारण भारतीय राज्यों की वर्णानुक्रम सूची (Alphabetical List) में राज्य का स्थान अंत के आसपास आता है।

राज्यों के नाम परिवर्तन से संबंधित संवैधानिक प्रावधान:

      • अनुच्छेद 1 भारत को "राज्यों का संघ" (Union of States) के रूप में वर्णित करता है तथा पहली अनुसूची में राज्यों की सूची प्रदान करता है।
      • अनुच्छेद 3 संसद को किसी राज्य का नाम, क्षेत्र या सीमाएँ बदलने का अधिकार देता है। इसमें राज्य विधानमंडल की भूमिका परामर्शात्मक होती है अर्थात् उसके विचार संसद के लिए बाध्यकारी नहीं होते हैं।
      • अनुच्छेद 4 संसद को अनुच्छेद 3 के तहत बनाए गए कानून के माध्यम से पहली और चौथी अनुसूची में आवश्यक परिणामी परिवर्तन करने की अनुमति देता है। ऐसे कानून को अनुच्छेद 368 के तहत संवैधानिक संशोधन नहीं माना जाता है।

राज्य का नाम बदलने की कानूनी प्रक्रिया:

      • अनुच्छेद 3 के तहत किसी राज्य का नाम बदलने से संबंधित विधेयक संसद में केवल राष्ट्रपति की सिफारिश पर ही प्रस्तुत किया जा सकता है। राष्ट्रपति इस विधेयक को संबंधित राज्य विधानमंडल के पास एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उसके विचार जानने के लिए भेजते हैं। राज्य विधानमंडल की राय संसद के लिए बाध्यकारी नहीं होती है और उसकी सहमति अनिवार्य नहीं है।
      • संसद इस विधेयक को साधारण बहुमत से पारित कर सकती है। दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक को अनुच्छेद 111 के तहत राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाता है। कानून बनने और लागू होने के बाद पहली अनुसूची में आवश्यक बदलाव कर दिए जाते हैं।

निष्कर्ष:

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने का प्रस्ताव अनुच्छेद 3 के तहत संसद की संवैधानिक शक्ति को रेखांकित करता है। इस प्रक्रिया में क्षेत्रीय पहचान, लोकतांत्रिक परामर्श और संवैधानिक सिद्धांतों के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj