होम > Blog

Blog / 02 Jul 2026

आरबीआई वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट 2026

चर्चा में क्यों?

हाल ही में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (Financial Stability Report- FSR), 2026 जारी की। रिपोर्ट में वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाली दो प्रमुख शक्तियों- भू-राजनीतिक विखंडन (Geopolitical Fragmentation) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence- AI) में तीव्र प्रगति को प्रमुख चुनौती बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की वित्तीय प्रणाली, विशेषकर बैंकिंग क्षेत्र, मजबूत और लचीला बना हुआ है।

वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (FSR) के बारे में:

      • वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (Financial Stability Report- FSR) भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा प्रकाशित अर्द्धवार्षिक (Biannual) रिपोर्ट है, जिसका प्रकाशन वर्ष 2010 से किया जा रहा है।
      • इस रिपोर्ट में भारत की वित्तीय प्रणाली की समग्र स्थिति एवं उसकी स्थिरता का आकलन किया जाता है, जिसमें प्रमुख रूप से बैंकिंग क्षेत्र, बीमा क्षेत्र तथा गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFCs) का विश्लेषण शामिल होता है।
      • यह रिपोर्ट वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद (Financial Stability and Development Council- FSDC) की उपसमिति (Subcommittee) से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार की जाती है, जिसकी अध्यक्षता आरबीआई के गवर्नर करते हैं।
      • FSDC की स्थापना वर्ष 2010 में वित्त मंत्रालय के अधीन की गई थी। यह एक गैर-सांविधिक (Non-Statutory) शीर्ष निकाय है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री करते हैं।
      • यह रिपोर्ट प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (Early Warning System) के रूप में कार्य करती है, जिससे वित्तीय प्रणाली में उत्पन्न होने वाले प्रणालीगत जोखिमों (Systemic Risks) की समय रहते पहचान कर वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।

आरबीआई वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट, 2026 के प्रमुख निष्कर्ष:

1. भू-राजनीतिक विखंडन वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए प्रमुख जोखिम

रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते भू-राजनीतिक संघर्ष वैश्विक व्यापार, निवेश प्रवाह, आपूर्ति श्रृंखलाओं (Supply Chains) तथा समग्र वित्तीय स्थिरता को प्रभावित कर रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप विश्व की अर्थव्यवस्थाएँ बाहरी झटकों (External Shocks) के प्रति अधिक संवेदनशील हो रही हैं।

इसके अतिरिक्त, वैश्विक वित्तीय बाजार भी संरचनात्मक परिवर्तनों एवं अनिश्चितताओं के कारण जोखिमों का सामना कर रहे हैं।

2. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से उत्पन्न तकनीकी चुनौतियाँ

रिपोर्ट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को दूसरी प्रमुख चुनौती बताया गया है।

यद्यपि AI उत्पादकता बढ़ाने और वित्तीय प्रणालियों को अधिक कुशल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, लेकिन इसके कारण कई नई चुनौतियाँ भी उत्पन्न हो रही हैं, जैसे-

        • रोजगार पर प्रभाव,
        • नियामकीय निगरानी (Regulatory Oversight) की जटिलता,
        • वित्तीय बाजारों की स्थिरता से जुड़े जोखिम।

इसके अतिरिक्त रिपोर्ट में निम्नलिखित वैश्विक कमजोरियों का भी उल्लेख किया गया है-

        • विकसित अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ता सार्वजनिक ऋण,
        • कमजोर बॉण्ड बाजार,
        • परिसंपत्तियों (Assets) का अत्यधिक मूल्यांकन,
        • अधिक ऋणग्रस्त गैर-बैंकिंग वित्तीय मध्यस्थों (NBFIs) का बढ़ता प्रभाव,
        • लगातार बनी हुई मुद्रास्फीति के कारण मौद्रिक नीति के और अधिक सख्त होने की संभावना।

3. भारत की व्यापक आर्थिक एवं वित्तीय स्थिति मजबूत

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की व्यापक आर्थिक एवं वित्तीय (Macro-financial) स्थिति मजबूत बनी हुई है।

इसका प्रमुख आधार है-

        • मजबूत आर्थिक विकास,
        • नियंत्रित होती मुद्रास्फीति,
        • बैंकों एवं कॉरपोरेट क्षेत्र की स्वस्थ बैलेंस शीट,
        • पर्याप्त पूंजी एवं तरलता (Liquidity) उपलब्धता।

आरबीआई ने दोहराया है कि वह बाहरी जोखिमों से भारतीय अर्थव्यवस्था की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

4. बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की स्थिति

रिपोर्ट के अनुसार भारत का बैंकिंग क्षेत्र अत्यंत मजबूत स्थिति में है।

        • सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (Gross Non-Performing Assets- GNPA) अनुपात मार्च 2026 तक घटकर 1.8% पर आ गया है, जो कई दशकों का सबसे निम्न स्तर है।
        • स्ट्रेस टेस्ट (Stress Test) के अनुसार-
          • सामान्य परिस्थितियों में GNPA बढ़कर 1.9% तक पहुँच सकता है।
          • प्रतिकूल परिस्थितियों में यह 3.8% से 4.1% तक जा सकता है।

इसके बावजूद बैंकिंग प्रणाली की समग्र स्थिति मजबूत बनी रहने का अनुमान है।

साथ ही, बैंकों एवं NBFCs के पास पर्याप्त पूंजी, तरलता तथा लाभप्रदता मौजूद है।

5. परिसंपत्ति गुणवत्ता (Asset Quality) में सुधार

वित्त वर्ष 2025-26 में स्लिपेज अनुपात (Slippage Ratio) घटकर 1.2% रह गया है, जो ऋण अनुशासन (Credit Discipline) में सुधार को दर्शाता है।

        • कृषि क्षेत्र अब भी सबसे अधिक जोखिम वाला क्षेत्र बना हुआ है, जहाँ GNPA 5.1% है।
        • इसके विपरीत, बड़े उधारकर्ताओं (Large Borrowers) की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस वर्ग का GNPA 2.4% से घटकर 1.2% रह गया है।

रिपोर्ट के अनुसार भारत के वित्तीय बाजार समग्र रूप से स्थिर बने हुए हैं।

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि वित्तीय स्थिरता केवल मजबूत बैंकिंग प्रणाली पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसके लिए-

        • निष्पक्ष वित्तीय व्यवहार,
        • उपभोक्ता संरक्षण,
        • वित्तीय समावेशन,
        • तथा कुशल वित्तीय सेवाओं की उपलब्धता भी समान रूप से आवश्यक है।

निष्कर्ष:

आरबीआई की वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (FSR), 2026 यह दर्शाती है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की वित्तीय प्रणाली मजबूत एवं लचीली बनी हुई है। हालांकि, रिपोर्ट यह भी चेतावनी देती है कि भू-राजनीतिक तनाव तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से उत्पन्न तकनीकी परिवर्तन भविष्य में महत्वपूर्ण जोखिम बने रहेंगे। ऐसी परिस्थितियों में भारत के लिए वित्तीय प्रणाली की लचीलापन (Resilience) को और मजबूत करना, साथ ही समावेशी, सुरक्षित एवं कुशल वित्तीय व्यवस्था को बढ़ावा देना, दीर्घकालिक आर्थिक एवं वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj