होम > Blog

Blog / 27 Nov 2026

राजवंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की पहल

संदर्भ

25 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में ऐतिहासिक 'रास उत्सव' के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि राजवंशी भाषा को जल्द ही भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची (Eighth Schedule) में शामिल किया जाएगा। 19 नवंबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय गृह सचिव के साथ हुई बैठक में इस विषय को उठाया गया था।

राजवंशी समुदाय एवं भौगोलिक विस्तार:

राजवंशी समुदाय पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत का एक प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक समुदाय है। इसे राजबोंग्शी (Rajbongshi) के नाम से भी जाना जाता है। समुदाय की ऐतिहासिक पहचान का संबंध प्राचीन कामता क्षेत्र और कोच राजवंश से जोड़ा जाता है।

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और उत्तर दिनाजपुर; असम के गोवालपाड़ा क्षेत्र तथा बिहार के पूर्णिया और किशनगंज जिलों में इसकी प्रमुख उपस्थिति है। नेपाल के झापा, मोरंग और सुनसरी जिलों तथा बांग्लादेश के उत्तरी क्षेत्रों में भी यह समुदाय निवास करता है।

राजवंशी भाषा की प्रमुख विशेषताएँ:

भाषा परिवार: राजवंशी भाषा इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार की इंडो-आर्यन शाखा से संबंधित है। इसे बंगाली-असमिया भाषाई समूह की क्षेत्रीय भाषा के रूप में भी वर्गीकृत किया जाता है। इसे कामतापुरी, राजबोंग्शी, राजबंगा, राजबंसी और कुछ क्षेत्रों में गोवालपरिया जैसे नामों से जाना जाता है।

प्रमुख बोलियाँ: पश्चिमी राजवंशी, मध्य राजवंशी, पूर्वी राजवंशी तथा पहाड़ी राजवंशी इसके प्रमुख भाषाई रूप हैं। इसका लेखन देवनागरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित अन्य लिपियों में भी मिलता है। इस भाषा में लोकगीत, लोककथाएँ, मौखिक साहित्य, समाचार-पत्र और आधुनिक साहित्य उपलब्ध हैं।

वर्ष 2024 में लोकसभा में प्रस्तुत निजी सदस्य विधेयक में राजवंशी भाषा की समृद्ध व्याकरणिक और साहित्यिक परंपरा तथा इसके संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया था।

राजवंशी समुदाय की लोक-सांस्कृतिक विरासत

(क) भावैया लोकसंगीत (Bhawaiya):

यह राजवंशी समुदाय की प्रमुख लोकसंगीत परंपरा है। इसमें प्रेम, विरह, प्रकृति, ग्रामीण जीवन और मानवीय भावनाओं का चित्रण होता है। दोतारा, सारिंदा और बाँसुरी जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया जाता है। महिषाल (भैंस चराने वाले) और गाड़ीवानों के जीवन से जुड़े गीत इसकी विशेष पहचान हैं।

(ख) लोकनाट्य एवं नृत्य:

कुशन पाल (Kushan Pala) और चोर-चुन्नी जैसी लोकनाट्य परंपराएँ क्षेत्र की मौखिक सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाती हैं। इनके माध्यम से धार्मिक कथाओं, सामाजिक जीवन और स्थानीय इतिहास का प्रसार होता है।

(ग) धार्मिक एवं कृषि परंपराएँ:

राजवंशी समुदाय में हुदुम पूजा, बिषुवा और तिस्ताबुड़ी पूजा जैसी परंपराएँ प्रचलित हैं। इनमें प्रकृति, वर्षा, नदियों और कृषि के प्रति श्रद्धा दिखाई देती है।

(घ) रास उत्सव:

कूच बिहार का रास उत्सव क्षेत्र की महत्त्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। इसका संबंध भगवान कृष्ण और राधा की भक्ति से है। मदन मोहन मंदिर और पारंपरिक रासचक्र इस उत्सव के प्रमुख आकर्षण हैं।

आठवीं अनुसूची में शामिल होने के प्रमुख संभावित लाभ:

1.        भाषा के साहित्य, व्याकरण, शब्दावली और लोकसाहित्य के संरक्षण को संस्थागत प्रोत्साहन मिल सकता है।

2.      शैक्षणिक संस्थानों में भाषा के अध्ययन और शोध को बढ़ावा मिल सकता है।

3.      साहित्यिक गतिविधियों और अनुवाद कार्यों के विकास के लिए अवसर बढ़ सकते हैं।

4.     भाषा के वक्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भाषाई पहचान प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

हालाँकि, आठवीं अनुसूची में शामिल होने मात्र से किसी भाषा को स्वतः संपूर्ण प्रशासनिक या शैक्षणिक अधिकार प्राप्त नहीं हो जाते। इनका विस्तार संबंधित नीतियों और कानूनी प्रावधानों पर निर्भर करता है।

निष्कर्ष:

राजवंशी समुदाय लंबे समय से अपनी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने की मांग कर रहा है। इस मांग का उद्देश्य भाषा की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना तथा इसके संरक्षण और विकास के लिए संस्थागत समर्थन प्राप्त करना है।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj