होम > Blog

Blog / 30 Jun 2026

दवाओं के लिए QR कोड-आधारित ट्रैक एंड ट्रेस प्रणाली

चर्चा में क्यों?

हाल ही में केंद्र सरकार ने अनिवार्य किया है कि टीके, एंटीमाइक्रोबियल, मादक एवं व्यसनकारी दवाएँ तथा कैंसर-रोधी दवाएँ प्रत्येक वायल (Vial) या ब्लिस्टर पैक (Blister Pack) पर एक विशिष्ट QR कोड या बारकोड अंकित करें, ताकि उनकी निर्माण से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला (End-to-End Supply Chain) में निगरानी की जा सके। इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से जुलाई 2027 (टीके, मादक एवं व्यसनकारी दवाएँ तथा कैंसर-रोधी दवाएँ) और जुलाई 2028 (एंटीमाइक्रोबियल दवाएँ) तक लागू किया जाएगा, ताकि दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा नकली दवाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

QR कोड-आधारित ट्रैक एंड ट्रेस प्रणाली क्या है?

      • ट्रैक एंड ट्रेस प्रणाली (Track and Trace System) एक डिजिटल तंत्र है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक दवा के पैक को एक विशिष्ट पहचान संख्या (Unique Identification Code) प्रदान की जाती है। इसके माध्यम से नियामक संस्थाएँ तथा निर्माता दवा की निर्माण इकाई से लेकर वितरण और खुदरा बिक्री तक उसकी पूरी आपूर्ति श्रृंखला में आवाजाही की निगरानी कर सकते हैं।
      • औषधि नियम, 1945 (Drugs Rules, 1945) की अनुसूची H2 (Schedule H2) के अंतर्गत सूचीबद्ध दवाओं के निर्माताओं के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे प्राथमिक पैकेजिंग (Primary Packaging) अथवा स्थान की कमी होने पर द्वितीयक पैकेजिंग (Secondary Packaging) पर QR कोड या बारकोड अंकित करें।

QR कोड में निम्नलिखित जानकारी उपलब्ध होगी:

दवा का ब्रांड नाम तथा जेनेरिक (Generic) नाम।
निर्माता का नाम एवं पता।
बैच संख्या (Batch Number)
निर्माण तिथि तथा समाप्ति तिथि (Manufacturing and Expiry Dates)
विनिर्माण लाइसेंस संख्या (Manufacturing Licence Number)
प्रत्येक इकाई (Unit) के लिए विशिष्ट पहचान संख्या (Unique Identification Number)

इस प्रणाली की आवश्यकता क्यों है?

इस प्रणाली का प्रमुख उद्देश्य नकली तथा मानक से निम्न गुणवत्ता वाली दवाओं पर रोक लगाना है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। यह प्रणाली निम्नलिखित कार्यों में सहायक होगी:

नकली या मिलावटी (Diluted) दवाओं की पहचान करना।
असली पैकेजिंग का पुनः उपयोग कर नकली दवाओं की बिक्री को रोकना।
आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की मिलावट (Contamination) या छेड़छाड़ (Tampering) का पता लगाना।
आवश्यकता पड़ने पर दवाओं को शीघ्र वापस मँगाने (Rapid Product Recall) में सहायता करना।
रोगियों की सुरक्षा तथा नियामकीय पारदर्शिता (Regulatory Transparency) को बढ़ाना।

महँगी कैंसर-रोधी दवाओं सहित उच्च मूल्य वाली दवाओं की नकली खेप से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद इस प्रणाली की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

लाभ:

दवाओं की प्रामाणिकता एवं ट्रेसबिलिटी को सुदृढ़ बनाती है।
रियल-टाइम ट्रैकिंग के माध्यम से नियामकीय निगरानी को मजबूत करती है।
नकली एवं मिलावटी दवाओं के प्रसार को कम करती है।
औषधीय उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाती है।
गुणवत्ता संबंधी समस्याओं की स्थिति में दवाओं को प्रभावी ढंग से वापस मँगाने (Recall) में सहायता करती है।
वैश्विक स्तर पर विश्वास बढ़ाकर भारत के औषधि निर्यात को प्रोत्साहित करती है।

चुनौतियाँ:

विशेष रूप से छोटे औषधि निर्माताओं के लिए इस प्रणाली को लागू करने की उच्च लागत।
संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला में मजबूत डिजिटल अवसंरचना की आवश्यकता।
गलत अथवा विलंबित डेटा प्रविष्टि के कारण उत्पाद सत्यापन प्रभावित होने का जोखिम।
निर्माताओं, वितरकों, खुदरा विक्रेताओं तथा नियामक संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय की आवश्यकता।

औषधि विनियमन के लिए महत्व:

      • यह पहल केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाएगी तथा भारत की औषधि नियामक प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
      • बेहतर ट्रेसबिलिटी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के ग्लोबल बेंचमार्किंग टूल के अनुरूप है, जिससे भारत को मैच्योरिटी लेवल-4 अर्थात् सर्वोच्च नियामकीय मानक प्राप्त करने की दिशा में सहायता मिलेगी। इससे भारतीय दवाओं की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता बढ़ेगी तथा भारत की वैश्विक औषधि केंद्र के रूप में स्थिति और अधिक मजबूत होगी।

निष्कर्ष:

QR कोड-आधारित ट्रैक एंड ट्रेस प्रणाली सुरक्षित, प्रामाणिक तथा गुणवत्ता-सुनिश्चित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। औषधि आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता बढ़ाकर यह प्रणाली सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा को मजबूत करेगी, नियामकीय दक्षता में सुधार लाएगी तथा भारत में नकली दवाओं की बढ़ती समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj