होम > Blog

Blog / 21 Nov 2026

चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी में उगाए गए आलू

संदर्भ:

हाल ही में, ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी में केंचुआ खाद (वर्मीकम्पोस्ट) मिलाकर खाने योग्य मोडोक आलू सफलतापूर्वक उगाए हैं। यह अध्ययन एनपीजे माइक्रोग्रैविटी (npj Microgravity) पत्रिका में प्रकाशित हुआ। अध्ययन में पाया गया कि 30% वर्मीकम्पोस्ट और 70% चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी के मिश्रण से प्राप्त आलू की उपज उपजाऊ पृथ्वी की मिट्टी में उगाए गए आलू के बराबर थी।

चंद्रमा का रेगोलिथ क्या है?

चंद्रमा का रेगोलिथ (Lunar Regolith) उसकी सतह पर मौजूद धूल, मिट्टी, टूटे हुए पत्थरों और खनिजों के छोटे-छोटे टुकड़ों की ढीली परत को कहा जाता है। पृथ्वी की उपजाऊ कृषि मिट्टी के विपरीत, इसमें निम्नलिखित विशेषताएँ होती हैं:

      • इसमें पर्याप्त जैविक पदार्थ और नाइट्रोजन जैसे आवश्यक पोषक तत्त्वों की कमी होती है।
      • इसमें जैविक गतिविधियाँ सीमित होती हैं और यह प्राकृतिक रूप से पौधों की वृद्धि में सहायक नहीं होता।
      • इसमें कुछ धातुओं की मात्रा अधिक हो सकती है, जो पौधों के विकास को प्रभावित कर सकती है।
      • इसकी भौतिक विशेषताएँ जड़ों की वृद्धि और जल प्रबंधन को सीमित कर सकती हैं।
      • इसलिए, चंद्रमा पर फसलें उगाने के लिए रेगोलिथ में आवश्यक बदलाव करके उसे पौधों की वृद्धि के अनुकूल बनाना आवश्यक है।

शोध के प्रमुख निष्कर्ष:

शोधकर्ताओं ने मोडोक नामक लाल छिलके और सफेद गूदे वाली आलू की किस्म का उपयोग किया तथा चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी के साथ ग्रीनहाउस में प्रयोग किए।

      • वर्मीकम्पोस्ट से उत्पादकता में सुधार: 30% वर्मीकम्पोस्ट और 70% चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी के मिश्रण से आलू की वृद्धि और उपज में सुधार हुआ तथा यह पृथ्वी की मिट्टी में उगाए गए आलू के बराबर हो गई। बिना खाद के उगाए गए पौधों की वृद्धि बहुत कम रही और उनकी जड़ें भी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाईं। वहीं, 5–15% खाद के कम अनुपात से केवल आंशिक सुधार हुआ।
      • चंद्रमा के विभिन्न क्षेत्रों की मिट्टी का परीक्षण: चंद्रमा के ज्वालामुखीय मैदानों (मारे) और उच्चभूमि वाले क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले रेगोलिथ के पाँच कृत्रिम नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की मिट्टी जैसी विशेषताओं वाला नमूना भी शामिल था। 5% खाद के स्तर पर पौधों ने अपना जीवन चक्र पूरा किया और आलू (कंद) पैदा किए, लेकिन उनकी उपज पृथ्वी की मिट्टी में उगाए गए आलू से कम रही। यह चंद्रमा की मिट्टी की विभिन्न संरचनाओं की कृषि उपयोगिता में अंतर को दर्शाता है।
      • पोषण संबंधी गुणवत्ता: काटे गए आलू में अधिकांश पोषण तत्त्वों और मेटाबोलाइट्स (उपापचय उत्पादों) की संरचना काफी हद तक बनी रही। शोधकर्ताओं को ग्लाइकोएल्कलॉइड्स की मात्रा में कोई सांख्यिकीय रूप से महत्त्वपूर्ण वृद्धि नहीं मिली। ये आलू में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले ऐसे यौगिक हैं, जो अधिक मात्रा में विषैले हो सकते हैं। हालाँकि, तांबा, जस्ता और एल्युमीनियम सहित कुछ धातुओं की मात्रा में मामूली वृद्धि देखी गई, जिसकी आगे निगरानी आवश्यक है।

भविष्य के चंद्र अभियानों के लिए महत्त्व:

      • अंतरिक्ष में खाद्य सुरक्षा: स्थानीय स्तर पर खाद्य उत्पादन से पृथ्वी से भेजी जाने वाली खाद्य आपूर्ति पर निर्भरता कम हो सकती है।
      • संसाधनों का पुनर्चक्रण: केंचुए खाद्य अवशेषों और पौधों के कचरे को वर्मीकम्पोस्ट में बदल सकते हैं, जिससे एक चक्रीय कृषि प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।
      • पोषण संबंधी सहायता: आलू कैलोरी और महत्त्वपूर्ण पोषक तत्त्वों का अच्छा स्रोत हैं, जिससे वे अंतरिक्ष में कृषि के लिए उपयोगी विकल्प बन सकते हैं।
      • दीर्घकालिक अंतरिक्ष मिशन: रेगोलिथ आधारित खेती NASA के आर्टेमिस कार्यक्रम के अंतर्गत चंद्रमा पर टिकाऊ मानव बस्तियों के विकास में योगदान दे सकती है।

चुनौतियाँ और सीमाएँ:

      • यह प्रयोग नियंत्रित ग्रीनहाउस परिस्थितियों में चंद्रमा की कृत्रिम मिट्टी का उपयोग करके किया गया था, न कि वास्तविक चंद्र रेगोलिथ में। पौधों को चंद्रमा के कम गुरुत्वाकर्षण, विकिरण, अत्यधिक तापमान और निर्वात जैसी परिस्थितियों के संपर्क में नहीं लाया गया।
      • जल आपूर्ति, पोषक तत्त्वों के पुनर्चक्रण, कृत्रिम प्रकाश व्यवस्था, जड़ों के आसपास की परिस्थितियों के प्रबंधन और चंद्रमा की मिट्टी में उगाई गई फसलों की दीर्घकालिक सुरक्षा पर आगे शोध की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, प्रयोग के दौरान नाइट्रोजन की कमी को रोकने और उसके प्रभाव को अलग रखने के लिए धीमी गति से पोषक तत्त्व छोड़ने वाली अतिरिक्त उर्वरक का भी उपयोग किया गया था। इसलिए, अभी केवल वर्मीकम्पोस्ट को पोषक तत्त्वों का पूर्ण समाधान नहीं माना जा सकता।

निष्कर्ष:

ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी का यह अध्ययन दर्शाता है कि चंद्रमा के कृत्रिम रेगोलिथ और जैविक अपशिष्ट से तैयार खाद के संयोजन से अंतरिक्ष में खाद्य उत्पादन की संभावनाएँ मौजूद हैं। हालाँकि, अभी कई तकनीकी चुनौतियाँ बनी हुई हैं, फिर भी यह स्थानीय संसाधनों के उपयोग (In-Situ Resource Utilisation – ISRU) और चंद्रमा पर मानव की टिकाऊ उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj