होम > Blog

Blog / 30 May 2025

मलेरिया के दोबारा संक्रमण पर अध्ययन

संदर्भ:

हाल ही में वैज्ञानिकों ने मलेरिया के दोबारा संक्रमण के दौरान एक विशेष प्रकार की रोग प्रतिरोधक कोशिकाओं टाइप-1 रेगुलेटरी टी (TR1) सेल्सकी महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक भूमिका का पता लगाया है। यह शोध Science Immunology पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया है कि TR1 कोशिकाएं केवल संक्रमण के समय ही सक्रिय नहीं होतीं, बल्कि उनमें लंबे समय तक टिके रहने वाली स्मृति क्षमता (मेमोरी) भी होती है। इसी विशेषता के कारण ये कोशिकाएं अगली पीढ़ी की वैक्सीन और उपचार विधियों के लिए बेहद संभावनाशील मानी जा रही हैं।

TR1 कोशिकाओं पर के बारे में:

·        हमारी रोग प्रतिरोधक प्रणाली (इम्यून सिस्टम) एक जटिल और बहुपरतीय रक्षा तंत्र है, जिसमें दो प्रमुख हिस्से होते हैं, इननेट इम्यूनिटी, जो तेज़ लेकिन सामान्य प्रतिक्रिया देती है और एडैप्टिव इम्यूनिटी, जो किसी विशेष रोगजनक को पहचानकर लक्षित और दीर्घकालिक प्रतिक्रिया देती है।

·        एडैप्टिव इम्यूनिटी में T कोशिकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, विशेष रूप से CD4+ हेल्पर T कोशिकाएं, जो अन्य रोग प्रतिरोधक कोशिकाओं को सक्रिय करके संक्रमण से लड़ने में मदद करती हैं।

·        अब तक यह माना जाता था कि TH1 कोशिकाएं मलेरिया से रक्षा में प्रमुख भूमिका निभाती हैं। लेकिन इस नए अध्ययन ने इस धारणा को बदल दिया है।

·        शोधकर्ताओं ने पाया कि TR1 कोशिकाएं, जो सामान्य CD4+ कोशिकाओं का केवल 3% होती हैं, मलेरिया संक्रमण के दौरान 90% तक की रोग प्रतिरोधक प्रतिक्रिया देने वाली प्रमुख सहयोगी कोशिकाएं थीं, जो इस क्षेत्र में अब तक का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष है।

मुख्य निष्कर्ष:

1.        मलेरिया के विपरीत TR1 का प्रमुख योगदान: अध्ययन से स्पष्ट हुआ कि मलेरिया संक्रमण के प्रति सबसे प्रभावी प्रतिक्रिया TR1 कोशिकाओं द्वारा दी जाती है, ना कि पहले मानी जा रही TH1 कोशिकाओं द्वारा। यह खोज पारंपरिक वैज्ञानिक धारणाओं को चुनौती देती है और इम्यूनोलॉजी के क्षेत्र में एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।

2.      लंबी अवधि की स्मृति और स्थायित्व: TR1 कोशिकाएं प्रत्येक पुनः संक्रमण के साथ संख्या में बढ़ती हैं, सैकड़ों दिनों तक सक्रिय रहती हैं, और बार-बार संक्रमण पर भी प्रभावशाली प्रतिक्रिया देती हैं। यह उन्हें दीर्घकालिक रोग प्रतिरोधक प्रतिक्रिया के लिए उपयुक्त बनाता है।

3.      सटीक और लक्षित प्रतिक्रिया: TR1 कोशिकाएं मलेरिया के परजीवी प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम (Pf) के विरुद्ध विशेष रूप से प्रतिक्रिया करती हैं। जबकि अन्य T कोशिकाएं इतनी विशिष्ट प्रतिक्रिया नहीं देतीं, TR1 कोशिकाएं संक्रमण को पहचानकर लक्षित और प्रभावशाली प्रतिरक्षा प्रदान करती हैं।

4.     जीन-आधारित विभाजन और भूमिकाएं: जीन-अभिव्यक्ति विश्लेषण से पता चला कि TR1 कोशिकाओं के तीन उपप्रकार होते हैं नैवे-लाइक, एफ़ेक्टर, और मेमोरी कोशिकाएं। इनमें से प्रत्येक प्रकार की अलग भूमिका होती है और उनकी प्रतिक्रिया क्षमता उनके विशिष्ट स्वरूप से जुड़ी होती है।

5.      TH1 कोशिकाएं सीमित भूमिका में: अध्ययन से यह भी सामने आया कि TH1 कोशिकाएं केवल पहली बार के संक्रमण पर थोड़ी मात्रा में सक्रिय हुईं, लेकिन पुनः संक्रमण पर कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं दिखी। इसका अर्थ है कि उनकी प्रतिक्रिया मलेरिया के लिए विशेष नहीं थी, जिससे TR1 कोशिकाओं की महत्ता और भी स्पष्ट हो जाती है।

प्रभाव और संभावनाएं:

·         वैक्सीन विकास में नई दिशा: यह खोज ऐसी वैक्सीन विकसित करने में मदद कर सकती है जो TR1 कोशिकाओं को सक्रिय कर सके, जिससे मौजूदा वैक्सीनों की तुलना में अधिक प्रभावी और दीर्घकालिक सुरक्षा मिल सके। उदाहरण के तौर पर, मौजूदा मलेरिया वैक्सीन Mosquirix की प्रभावशीलता सीमित रही है।

·         शरीर को सहनशील बनाना: TR1 कोशिकाएं शरीर को मलेरिया संक्रमण से निपटने और नियंत्रित करने की क्षमता देती हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप नहीं लेती। यह विचार "होस्ट-डायरेक्टेड थेरेपी" की ओर इशारा करता है, जिसमें परजीवी को नष्ट करने के बजाय शरीर की प्रतिरोधक क्षमता और संतुलन को मजबूत किया जाता है।

·         अन्य बीमारियों में संभावनाएं: TR1 कोशिकाओं पर आधारित यह खोज सिर्फ मलेरिया तक सीमित नहीं है। यह पुरानी संक्रमणजन्य बीमारियों, ऑटोइम्यून रोगों, और यहां तक कि कैंसर जैसी जटिल स्थितियों को समझने और प्रबंधित करने में एक नया दृष्टिकोण प्रदान कर सकती है।

निष्कर्ष

मलेरिया संक्रमण के प्रति TR1 कोशिकाओं की प्रमुख भूमिका एक नई वैज्ञानिक दिशा की शुरुआत है। इनकी दीर्घकालिक स्मृति और लक्षित प्रतिक्रिया क्षमता न केवल वैक्सीन और उपचार के विकास में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती है, बल्कि रोग प्रतिरोधक प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझने के हमारे दृष्टिकोण को भी पूरी तरह बदल सकती है।

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj