होम > Blog

Blog / 30 Mar 2026

जंगल कैट (फेलिस चॉस) का अस्तित्व संकट: संरक्षण की चुनौतियाँ और समाधान

जंगल कैट (Felis chaus): बढ़ता अस्तित्व संकट

सन्दर्भ:

हाल ही में वन्यजीव विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने 'जंगल कैट' (Jungle Cat) की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस के शोध के अनुसार, आईयूसीएन (IUCN) की रेड लिस्ट में इसे 'लीस्ट कंसर्न' (Least Concern) श्रेणी में रखे जाने के कारण यह गलतफहमी पैदा हो गई है कि इनकी स्थिति सुरक्षित है। वास्तविकता यह है कि इनकी आबादी निरंतर घट रही है।

जंगल कैट: मुख्य विशेषताएं

जंगल कैट, जिसे वैज्ञानिक रूप से फेलिस चाउस (Felis chaus) कहा जाता है, भारत में पाई जाने वाली छोटी बिल्लियों की प्रजातियों में सबसे व्यापक है।

      • आवास: ये केवल जंगलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि घास के मैदानों, आर्द्रभूमि (Wetlands) और रेगिस्तानी इलाकों में भी अनुकूलित हो जाती हैं।
      • वितरण: ये पूरे एशिया में पाई जाती हैं, जिनमें भारत और नेपाल में इनकी बड़ी आबादी निवास करती है।
      • व्यवहार: ये अत्यंत फुर्तीली होती हैं और मुख्य रूप से छोटे स्तनधारियों, पक्षियों और कभी-कभी सरीसृपों का शिकार करती हैं।

A photo of a jungle cat crouched among foliage. The cat is tan in color with light-colored eyes. It has large ears.

संरक्षण की स्थिति और कानूनी सुरक्षा:

भारत में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सख्त कानून हैं, जिनमें जंगल कैट को भी शामिल किया गया है:

      • वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972: इसे अनुसूची-II (Schedule II) के तहत संरक्षित किया गया है। इसका अर्थ है कि इनका शिकार करना या इनका व्यापार करना पूरी तरह से अवैध है और ऐसा करने पर कठोर दंड का प्रावधान है।
      • IUCN रेड लिस्ट: वर्तमान में इसे 'लीस्ट कंसर्न' श्रेणी में रखा गया है।
      • CITES: यह परिशिष्ट-II (Appendix II) में सूचीबद्ध है।

प्रमुख चुनौतियाँ:

भारत की सबसे आम छोटी बिल्ली होने के बावजूद, जंगल कैट कई गंभीर खतरों का सामना कर रही है:

      • आवास का विनाश: जंगल कैट के प्राकृतिक आवास, जैसे आर्द्रभूमि, घास के मैदान और झाड़ियों वाले क्षेत्र, शहरीकरण, औद्योगीकरण और कृषि विस्तार के कारण तेजी से नष्ट हो रहे हैं, जिससे इनके रहने और शिकार करने के क्षेत्र सिमटते जा रहे हैं।
      • वैज्ञानिक उपेक्षा: संरक्षण प्रयासों में बाघ और तेंदुए जैसे बड़े जीवों को प्राथमिकता मिलने के कारण छोटी बिल्लियों पर पर्याप्त शोध और नीति-निर्माण नहीं हो पा रहा है, जिससे इनकी वास्तविक स्थिति पर ध्यान कम जाता है।
      • मानव-वन्यजीव संघर्ष: ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गियों और छोटे पशुओं का शिकार करने के कारण जंगल कैट को हानिकारकसमझा जाता है और कई बार इन्हें मार दिया जाता है, जिससे इनकी आबादी प्रभावित होती है।
      • सड़क दुर्घटनाएँ और आवास विखंडन: तेजी से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क और राजमार्ग इनके आवासों को विभाजित कर रहे हैं, जिससे न केवल इनके आवागमन में बाधा आती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर भी बढ़ रही है।

आगे की राह:

इन प्रजातियों के प्रभावी संरक्षण के लिए आवश्यक है कि उनके आवासों का सटीक मानचित्रण किया जाए, ताकि उनकी वास्तविक स्थिति और वितरण को समझा जा सके। साथ ही, स्थानीय समुदायों में इनके पारिस्थितिक महत्व, जैसे- चूहों की आबादी को नियंत्रित करने में उनकी भूमिका, के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी अत्यंत जरूरी है, जिससे संरक्षण के प्रति जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके। नीति निर्माताओं को केवल 'लीस्ट कंसर्न' टैग तक सीमित न रहते हुए इनके संरक्षण के लिए विशेष फंड और योजनाओं का निर्माण करना चाहिए, ताकि दीर्घकालिक संरक्षण प्रयासों को मजबूती मिल सके।

निष्कर्ष:

जंगल कैट की घटती आबादी यह दर्शाती है कि केवल 'व्यापक उपस्थिति' किसी प्रजाति की सुरक्षा की गारंटी नहीं है। लीस्ट कंसर्नश्रेणी के बावजूद इनके सामने गंभीर खतरे मौजूद हैं, इसलिए छोटे मांसाहारी जीवों के संरक्षण, वैज्ञानिक अध्ययन और नीतिगत प्राथमिकता को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।