होम > Blog

Blog / 11 Jul 2025

भारत-ब्राज़ील संबंध

सन्दर्भ:

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राज़ील यात्रा ने भारत और ब्राज़ील के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है। इस यात्रा के दौरान सुरक्षा, डिजिटल अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और बौद्धिक संपदा जैसे क्षेत्रों में कुल छह समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।

प्रमुख बातें:

रक्षा और सुरक्षा:

दोनों नेताओं ने सैन्य सहयोग में हो रही प्रगति का स्वागत किया, जिसमें संयुक्त अभ्यास और उच्च स्तरीय यात्राएँ शामिल हैं।
गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान और पारस्परिक सुरक्षा पर समझौता किया गया।
द्विपक्षीय साइबर सुरक्षा संवाद की स्थापना की गई, जिसके तहत साइबर खतरों से निपटने में विशेषज्ञता साझा की जाएगी।
दोनों देशों ने आतंकवाद की निंदा की और लश्कर-ए-तैयबा व जैश-ए-मोहम्मद जैसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर सहमति जताई।

खाद्य और पोषण सुरक्षा:

भारत और ब्राज़ील दोनों कृषि उत्पादक प्रमुख देश हैं। दोनों पक्षों ने:
सतत कृषि, उचित व्यापार और खाद्य सुरक्षा हेतु सार्वजनिक भंडारण को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
• 2030 तक भूख समाप्त करने के लक्ष्य की पुनः पुष्टि की।
ग्लोबल एलायंस अगेंस्ट हंगर एंड पोवर्टी को समर्थन देने का वादा किया।
फसल उत्पादकता, पशु आनुवंशिकी और जैव प्रौद्योगिकी पर संयुक्त अनुसंधान को राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से बढ़ावा देने पर सहमति बनी।

ऊर्जा परिवर्तन और जलवायु कार्रवाई:

दोनों देशों ने बायोएनर्जी और जैव ईंधन के क्षेत्र में सहयोग को रेखांकित किया और ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल की संभावनाओं को तलाशने पर सहमति जताई।
जलवायु वित्त, सतत विकास और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली को अधिक न्यायसंगत बनाने के लिए सहयोग बढ़ाने की बात कही।

डिजिटल सहयोग और उभरती तकनीकें:

डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्वांटम टेक्नोलॉजी की परिवर्तनकारी क्षमता को मान्यता देते हुए दोनों देशों ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
वैश्विक डिजिटल शासन पर मिलकर कार्य करने और दोनों देशों के नवाचार तंत्रों के बीच सीधे संबंध को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।

औद्योगिक साझेदारियाँ:

नेताओं ने द्विपक्षीय निवेश प्रवाह में वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया और व्यापार व पर्यटन को प्रोत्साहित करने हेतु वीज़ा प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर सहमति जताई।
औषधि, विमानन, रक्षा उपकरण, खनन, तेल और गैस, विशेष रूप से कार्बन कैप्चर तकनीक जैसे क्षेत्रों में करीबी साझेदारी के लिए आमंत्रित किया गया।
• 2020 के द्विपक्षीय निवेश सहयोग और सुविधा संधि तथा 2022 के दोहरे कराधान प्रोटोकॉल के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए मंत्री स्तरीय वाणिज्य और व्यापार समीक्षा तंत्र की स्थापना की जाएगी।
दोनों देशों ने पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को लगभग दोगुना कर $20 बिलियन तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है।

निष्कर्ष:

भारत और ब्राज़ील के बीच यह नया रणनीतिक रोडमैप दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शांति, समृद्धि और सतत विकास को आगे बढ़ाने की साझा दृष्टि के साथ, भारत और ब्राज़ील अब अपनी रणनीतिक साझेदारी को नए शिखरों तक पहुँचाने के लिए तैयार हैं।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj