होम > Blog

Blog / 17 Jan 2025

करेंट अफेयर्स पावर पैक्ड

1.      खो-खो विश्व कप 2025
हाल ही में नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खो-खो विश्व कप 2025 का पहला संस्करण शुरू हुआ।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा और खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने मशाल प्रज्वलित की। इसमें 20 पुरुष और 19 महिला टीमों सहित 20 देशों की टीमें भाग ले रही हैं।

भारतीय पुरुष टीम के कप्तान प्रतीक वाइकर हैं, जबकि महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगले हैं।

टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल 17 जनवरी, सेमीफाइनल 18 जनवरी और फाइनल 19 जनवरी को होगा।

भारतीय पुरुष और महिला टीम को ग्रुप ए में रखा गया है।

 

2.      क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलनोविक का पुनः चयन
क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलनोविक ने पांच साल के लिए दूसरा कार्यकाल जीत लिया है। उन्होंने सत्तारूढ़ रूढ़िवादी पार्टी के उम्मीदवार को हराकर 74% से अधिक वोट हासिल किए।

यूरोपीय संघ और नाटो के आलोचक मिलनोविक ने ड्रैगन प्रिमोरैक को हराया, जिन्हें केवल 26% वोट मिले।

मिलनोविक ने पश्चिमी सैन्य समर्थन के खिलाफ यूक्रेन में चल रहे युद्ध में अपनी असहमति व्यक्त की है।

क्रोएशिया एड्रियाटिक सागर के तट पर स्थित दक्षिण-पूर्वी यूरोप का एक देश है, जिसकी राजधानी ज़ाग्रेब है।

 

3.      सीआईएसएफ के विस्तार के लिए नई बटालियन
गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को मजबूत करने के लिए दो नई बटालियनों को मंजूरी दी है।

दो नई बटालियनों की मंजूरी से सीआईएसएफ की कुल बटालियन संख्या 13 से 15 हो जाएगी।

हर नई बटालियन में 1,025 कर्मी होंगे और एक वरिष्ठ कमांडेंट अधिकारी इसका नेतृत्व करेंगे। इस विस्तार में महिला बटालियन भी शामिल है।

सीआईएसएफ महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों जैसे परमाणु संयंत्रों, हवाई अड्डों और बंदरगाहों की सुरक्षा करता है। इसकी स्थापना 10 मार्च 1969 को हुई थी और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।

 

4.      राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का गठन
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का उद्घाटन किया। इसका मुख्यालय निजामाबाद में होगा।

पल्ले गंगा रेड्डी को बोर्ड का पहला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है

हल्दी को गोल्डन स्पाइसकहा जाता है, जिसे भारत के 20 राज्यों में उगाया जाता है। बोर्ड का उद्देश्य हल्दी उत्पादकों की आय बढ़ाना, अनुसंधान को प्रोत्साहित करना और हल्दी से संबंधित उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय विपणन को बढ़ावा देना है।

2023-24 में हल्दी का कुल उत्पादन 10.74 लाख टन रहा, जिसमें भारत का वैश्विक योगदान 70% है।

 

5.      पीवी सिंधु बनीं प्यूमा इंडिया की ब्रांड एंबेसडर
प्यूमा इंडिया ने बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को प्यूमा का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया हैं।

उन्होंने प्यूमा के साथ उच्च प्रदर्शन वाली बैडमिंटन रेंज के विकास के लिए साझेदारी की। यह रेंज 2025 इंडिया ओपन में लॉन्च होगी।

क्रिकेट के बाद बैडमिंटन शहरी युवाओं के बीच दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल बन गया है। यह साझेदारी खेल के प्रति युवाओं की रुचि को और बढ़ावा देगी।

6.      पिक्सेल और दिगंतारा की अंतरिक्ष उपलब्धि
पिक्सेल भारत की पहली निजी कंपनी बन गई है जिसके पास उपग्रहों का अपना समूह है।

पिक्सेल ने स्पेसएक्स रॉकेट से हाइपर-स्पेक्ट्रल तकनीक आधारित उपग्रह लॉन्च किए, जो कृषि और रक्षा में उपयोगी होंगे।

दिगंतारा ने भी ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग के लिए दुनिया का पहला स्पेस कैमरा उपग्रह लॉन्च किया, जो 5 सेमी आकार की वस्तुओं की निगरानी करेगा।

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj