होम > Blog

Blog / 27 Nov 2026

कोलंबो सुरक्षा कॉन्क्लेव

संदर्भ:

हाल ही में, कोलंबो सुरक्षा कॉन्क्लेव की 8वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) स्तर की बैठक की मेजबानी मालदीव द्वारा की गई। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने किया। सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में उभरते सुरक्षा खतरों के विरुद्ध क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026–27 हेतु सहयोग रोडमैप (Roadmap of Cooperation) को अपनाया।

कोलंबो सुरक्षा कॉन्क्लेव (CSC) के बारे में:

CSC की शुरुआत वर्ष 2011 में भारत, श्रीलंका और मालदीव को शामिल करते हुए एक त्रिपक्षीय सुरक्षा पहल के रूप में हुई थी। बाद में मॉरीशस इसमें पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल हुआ। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा तथा पारंपरिक और गैर-पारंपरिक खतरों के विरुद्ध सामूहिक प्रतिक्रिया को बढ़ावा देना है।

सदस्यता :

भारत, श्रीलंका, मालदीव और मॉरीशस इसके मुख्य सदस्य हैं। बांग्लादेश की सदस्यता को औपचारिक प्रक्रियाएँ पूरी होने के अधीन मंजूरी दी गई है, जबकि सेशेल्स का संभावित सदस्य के रूप में स्वागत किया गया है। नवीनतम बैठक में ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया ने अतिथि देशों के रूप में भाग लिया।

सहयोग के पाँच प्रमुख स्तंभ :

1. समुद्री सुरक्षा एवं संरक्षा (Maritime Safety and Security): समुद्री निगरानी, सुरक्षित समुद्री मार्गों को सुनिश्चित करना तथा समुद्री डकैती का मुकाबला करना।

2. आतंकवाद-रोधी सहयोग (Counterterrorism): आतंकवाद, कट्टरपंथ और चरमपंथी नेटवर्क से निपटना।

3. अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों का मुकाबला (Combating Transnational Crime): मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और संगठित अपराधों की रोकथाम करना।

4. साइबर सुरक्षा (Cyber Security): साइबर खतरों से निपटना तथा महत्त्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा करना।

5. मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR): समन्वित मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रदान करना।

8वीं बैठक के प्रमुख परिणाम :

भाग लेने वाले देशों ने वर्ष 2026–27 के लिए सहयोग रोडमैप को अपनाया, जिसमें सभी पाँच स्तंभों के अंतर्गत प्राथमिकता वाली गतिविधियों की पहचान की गई।

उन्होंने संयुक्त प्रशिक्षण, खुफिया जानकारी साझा करने, संस्थागत सहयोग और क्षमता निर्माण पर जोर दिया। बैठक में नई दिल्ली में नवंबर 2025 में आयोजित 7वीं NSA-स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) एस.एन. घोरमडे (S.N. Ghormade), जो CSC के पहले महासचिव हैं, ने प्रगति समीक्षा प्रस्तुत की।

भारत के लिए रणनीतिक महत्त्व:

कोलंबो सुरक्षा कॉन्क्लेव (CSC) समुद्री पड़ोसी देशों के साथ सुरक्षा साझेदारी को गहरा करके भारत की 'पड़ोसी प्रथम नीति' (Neighbourhood First Policy) को मजबूत करता है।

यह MAHASAGAR विजन (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) का समर्थन करता है तथा हिंद महासागर में महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्गों और व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा के माध्यम से समुद्री सुरक्षा को बढ़ाता है।

यह एक 'नेट सिक्योरिटी प्रोवाइडर' (Net Security Provider) के रूप में भारत की भूमिका को भी मजबूत करता है तथा क्षेत्र में चीन की बढ़ती उपस्थिति सहित बढ़ती भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से निपटने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियाँ:

समुद्री खतरे (Maritime Threats): समुद्री डकैती, अवैध, गैर-सूचित एवं अनियमित (IUU) मत्स्यन, समुद्री विवाद तथा महत्त्वपूर्ण नौवहन मार्गों के लिए खतरे।

आतंकवाद और कट्टरपंथ (Terrorism and Radicalisation): सीमा पार आतंकवाद और चरमपंथी गतिविधियों के बढ़ते जोखिम।

अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध (Transnational Crimes): मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क।

साइबर सुरक्षा संबंधी खतरे (Cybersecurity Threats): बंदरगाहों, संचार नेटवर्क और महत्त्वपूर्ण समुद्री अवसंरचना को निशाना बनाने वाले साइबर हमले।

जलवायु परिवर्तन (Climate Change): समुद्र के जलस्तर में वृद्धि, चरम मौसमी घटनाएँ और प्राकृतिक आपदाएँ, जो तटीय एवं द्वीपीय देशों को प्रभावित करती हैं।

- भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा (Geopolitical Competition): हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा और बाहरी शक्तियों की उपस्थिति।

निष्कर्ष:

कोलंबो सुरक्षा कॉन्क्लेव हिंद महासागर में सामूहिक सुरक्षा और सहयोगात्मक क्षेत्रीयता का एक महत्त्वपूर्ण मंच है। इसके संस्थागत ढाँचे और परिचालन संबंधी सहयोग को मजबूत करने से एक शांतिपूर्ण, स्थिर और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था के निर्माण में योगदान मिल सकता है।

 

Aliganj Gomti Nagar Prayagraj