संदर्भ:
हाल ही में बांग्लादेश ने इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (International Big Cat Alliance-IBCA) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके साथ ही इस वैश्विक संगठन के सदस्य देशों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। यह कदम न केवल भारत की पर्यावरणीय कूटनीति को मजबूती प्रदान करता है, बल्कि दक्षिण एशिया में बाघ संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्या है इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (IBCA)?
इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस एक बहुपक्षीय वैश्विक पहल है, जिसकी शुरुआत भारत ने 9 अप्रैल 2023 को प्रोजेक्ट टाइगर के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर की थी। इसका उद्देश्य दुनिया में पाए जाने वाले सात प्रमुख बड़ी बिल्ली (Big Cat) प्रजातियों के संरक्षण के लिए विभिन्न देशों, वैज्ञानिक संस्थानों, संरक्षण संगठनों तथा अन्य भागीदारों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।
यह गठबंधन निम्नलिखित सात बड़ी बिल्ली प्रजातियों के संरक्षण पर केंद्रित है-
- बाघ (Tiger)
- सिंह (Lion)
- तेंदुआ (Leopard)
- हिम तेंदुआ (Snow Leopard)
- चीता (Cheetah)
- जगुआर (Jaguar)
- प्यूमा (Puma)
IBCA का मुख्यालय भारत में स्थित है तथा इसका उद्देश्य संरक्षण संबंधी सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण, अनुसंधान, वित्तीय सहयोग तथा अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी पर नियंत्रण को बढ़ावा देना है।
बांग्लादेश की सदस्यता क्यों महत्वपूर्ण है?
बांग्लादेश विश्व के सबसे बड़े मैंग्रोव वन सुंदरबन का हिस्सा है, जो रॉयल बंगाल टाइगर का प्रमुख प्राकृतिक आवास है। जलवायु परिवर्तन, समुद्र-स्तर में वृद्धि, मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा अवैध शिकार जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है।
IBCA की सदस्यता से बांग्लादेश को आधुनिक संरक्षण तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग का लाभ मिलेगा। साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच ट्रांस-बाउंड्री संरक्षण (सीमा-पार संरक्षण) को भी मजबूती मिलेगी।
IBCA के प्रमुख उद्देश्य
- बड़ी बिल्ली प्रजातियों एवं उनके प्राकृतिक आवास का संरक्षण।
- अवैध शिकार एवं वन्यजीव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण।
- सदस्य देशों के बीच वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा।
- संरक्षण के लिए वित्तीय संसाधनों और क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करना।
- जैव विविधता संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन से जुड़े प्रयासों को सुदृढ़ करना।
निष्कर्ष:
इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस भारत की वैश्विक पर्यावरणीय नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करता है। भारत और बांग्लादेश पहले से ही सुंदरबन पारिस्थितिकी तंत्र तथा बाघ संरक्षण के लिए सहयोग करते रहे हैं। अब IBCA के मंच पर दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, क्षमता निर्माण तथा अवैध वन्यजीव व्यापार पर नियंत्रण के प्रयास और अधिक प्रभावी होंगे।
