होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 06 Nov 2026

यूपीएससी और राज्य पीएससी परीक्षाओं के लिए समसामयिकी MCQs 06 Nov 2026

image
यूपीएससी और राज्य पीएससी परीक्षाओं के लिए समसामयिकी MCQs

Q1:

ब्लैकबक (Antilope cervicapra) के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. यह भारतीय उपमहाद्वीप का मूल निवासी है और IUCN की रेड लिस्ट में इसे संकटग्रस्त (Endangered) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

2. इसमें लैंगिक द्विरूपता (Sexual Dimorphism) पाई जाती है, जिसमें वयस्क नर का शरीर गहरे रंग का होता है तथा उनके सींग सर्पिलाकार होते हैं, जबकि मादाओं का रंग पीला-भूरा होता है और सामान्यतः उनमें सींग नहीं होते हैं।

3. इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के अंतर्गत वर्गीकृत किया गया है।

उपर्युक्त में से कौन-से कथन सही हैं?

A: केवल 1 और 2

B: केवल 1 और 3

C: केवल 2 और 3

D: 1, 2, और 3

उत्तर: C

स्पष्टीकरण:

कथन 1 गलत है: ब्लैकबक भारतीय उपमहाद्वीप का मूल निवासी है (इसकी लगभग 90% आबादी भारत में पाई जाती है), लेकिन इसे IUCN की रेड लिस्ट में कम चिंतनीय (Least Concern) श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है (न कि संकटग्रस्त)।


कथन 2 सही है: ब्लैकबक में स्पष्ट लैंगिक द्विरूपता पाई जाती है। नर में परिपक्व होने के साथ गहरे भूरे से काले रंग का शरीर विकसित होता है तथा लंबे, सर्पिलाकार सींग होते हैं, जबकि मादाओं का रंग पीला-भूरा होता है और सामान्यतः उनमें सींग नहीं होते हैं।


कथन 3 सही है: भारतीय कानूनी ढाँचे के अंतर्गत, ब्लैकबक को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I (Schedule I) में शामिल करके उच्चतम स्तर का संरक्षण प्रदान किया गया है। इसे CITES के परिशिष्ट-III (Appendix III) में भी सूचीबद्ध किया गया है।


 


                            

Q2:

आर्कटिक सील (Arctic Seals) से संबंधित हालिया IUCN रेड लिस्ट अपडेट के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. हूडेड सील (Cystophora cristata) को पुनर्वर्गीकृत करके सुभेद्य (Vulnerable) से संकटग्रस्त (Endangered) श्रेणी में रखा गया है।

2. दाढ़ी वाली सील (Bearded Seal – Erignathus barbatus) और हार्प सील (Harp Seal – Pagophilus groenlandicus), दोनों को कम चिंतनीय (Least Concern) से निकट संकटग्रस्त (Near Threatened) श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत किया गया है।

3. आर्कटिक सील भोजन प्राप्त करने के उद्देश्य से ही समुद्री बर्फ पर अत्यधिक निर्भर रहती हैं तथा प्रजनन या बच्चों को जन्म देने और उनका पालन-पोषण करने में समुद्री बर्फ की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होती है।

उपर्युक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?

A: केवल 1 और 2

B: केवल 2

C: केवल 2 और 3

D: 1, 2, और 3

उत्तर: A

स्पष्टीकरण:

कथन 1 सही है: समुद्री बर्फ के तेजी से घटने के कारण हूडेड सील (Cystophora cristata) को वास्तव में IUCN रेड लिस्ट में विलुप्त होने के जोखिम की दृष्टि से सुभेद्य (Vulnerable) से बढ़ाकर संकटग्रस्त (Endangered) श्रेणी में रखा गया है।


कथन 2 सही है: दाढ़ी वाली सील (Bearded Seal – Erignathus barbatus) और हार्प सील (Harp Seal – Pagophilus groenlandicus), दोनों को कम चिंतनीय (Least Concern) से निकट संकटग्रस्त (Near Threatened) श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत किया गया है।


कथन 3 गलत है: आर्कटिक सील केवल भोजन प्राप्त करने के लिए समुद्री बर्फ पर निर्भर नहीं रहती हैं, बल्कि वे प्रजनन, बच्चों को जन्म देने, उनका पालन-पोषण करने, बाल झड़ने (Moulting) तथा आराम करने के लिए भी समुद्री बर्फ पर अत्यधिक निर्भर रहती हैं।


                            

Q3:

ध्रुवीय पर्यावरणीय घटनाओं के संदर्भ में, निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. आर्कटिक प्रवर्धन (Arctic Amplification) उस घटना को संदर्भित करता है, जिसमें आर्कटिक क्षेत्र का तापमान वैश्विक औसत की तुलना में काफी तेजी से बढ़ता है।

2. हिम-अल्बिडो फीडबैक (Ice-Albedo Feedback) तंत्र एक नकारात्मक फीडबैक लूप के रूप में कार्य करता है, जो बर्फ के पिघलने पर अधिक सौर विकिरण को परावर्तित करके आर्कटिक सतह को ठंडा करता है।

3. अटलांटिफिकेशन (Atlantification) में अपेक्षाकृत गर्म और लवणीय अटलांटिक महासागर के जल का आर्कटिक महासागर में प्रवेश करके उसका प्रभाव बढ़ना शामिल है।

उपर्युक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?

A: केवल 1 और 2

B: केवल 1 और 3

C: केवल 2 और 3

D: 1, 2, और 3

उत्तर: B

स्पष्टीकरण:

कथन 1 सही है: आर्कटिक प्रवर्धन (Arctic Amplification) वह प्रवृत्ति है, जिसमें हाल के दशकों में आर्कटिक क्षेत्र का तापमान वैश्विक औसत की तुलना में लगभग तीन से चार गुना अधिक तेजी से बढ़ रहा है।


कथन 2 गलत है: हिम-अल्बिडो फीडबैक एक सकारात्मक (Positive) फीडबैक लूप है, न कि नकारात्मक। बर्फ और हिम के पिघलने से समुद्र तथा भूमि की गहरे रंग वाली सतहें उजागर हो जाती हैं, जिससे सौर ऊष्मा का परावर्तन होने के बजाय उसका अवशोषण बढ़ जाता है।


कथन 3 सही है: अटलांटिफिकेशन (Atlantification) आर्कटिक महासागर में गर्म और लवणीय अटलांटिक जल के प्रवेश को दर्शाता है, जिसके परिणामस्वरूप महासागरीय तापमान में वृद्धि, ऊर्ध्वाधर मिश्रण (Vertical Mixing) तथा समुद्री बर्फ में कमी आती है।


                            

Q4:

अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. यह संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक विशिष्ट एजेंसी (Specialized Agency) है।

2. इसकी सदस्यता में संप्रभु राज्य (सरकारें) और नागरिक समाज संगठन, दोनों शामिल हैं।

3. संकटग्रस्त प्रजातियों की IUCN रेड लिस्ट (IUCN Red List of Threatened Species) की स्थापना वर्ष 1948 में संगठन की स्थापना के साथ ही की गई थी।

उपर्युक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?

A: केवल 1 और 2

B: केवल 2

C: केवल 2 और 3

D: 1, 2, और 3

उत्तर: B

स्पष्टीकरण:

कथन 1 गलत है: IUCN संयुक्त राष्ट्र का निकाय या उसकी विशिष्ट एजेंसी (Specialized Agency) नहीं है। हालाँकि, इसे संयुक्त राष्ट्र महासभा (UN General Assembly) में आधिकारिक पर्यवेक्षक का दर्जा प्राप्त है।


कथन 2 सही है: IUCN एक विशिष्ट वैश्विक पर्यावरणीय सदस्यता संघ है, जिसमें सरकार और नागरिक समाज संगठन, दोनों शामिल हैं। इसमें गैर-सरकारी संगठन (NGOs), स्वदेशी लोगों के संगठन तथा वैज्ञानिक संस्थान भी शामिल हैं।


कथन 3 गलत है: हालाँकि IUCN की स्थापना वर्ष 1948 में फ्रांस के फॉन्टेनब्लियू (Fontainebleau) में हुई थी, लेकिन संकटग्रस्त प्रजातियों की IUCN रेड लिस्ट (IUCN Red List of Threatened Species) को वास्तव में बाद में वर्ष 1964 में औपचारिक रूप से विकसित और प्रारंभ किया गया था।


                            

Q5:

स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए दो-बच्चों के मानदंड (Two-Child Norm) पर सर्वोच्च न्यायालय की हालिया टिप्पणियों के संदर्भ में, निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. जावेद बनाम हरियाणा राज्य (Javed v. State of Haryana, 2003) मामले में, तीन न्यायाधीशों की पीठ ने माना कि चुनाव लड़ने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 19 के अंतर्गत एक मौलिक अधिकार है।

2. भारत की कुल प्रजनन दर (Total Fertility Rate – TFR) प्रतिस्थापन स्तर (Replacement Level) 2.1 से नीचे गिर गई है।

3. सर्वोच्च न्यायालय ने भारत के सभी राज्यों में दो-बच्चों के मानदंड से संबंधित अयोग्यता कानूनों को स्वतः निरस्त कर दिया है।

उपर्युक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?

A: केवल 1 और 2

B: केवल 2

C: केवल 2 और 3

D: 1, 2, और 3

उत्तर: B

स्पष्टीकरण:

कथन 1 गलत है: जावेद बनाम हरियाणा राज्य (2003) मामले में, सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट रूप से निर्णय दिया था कि चुनाव लड़ने का अधिकार एक वैधानिक अधिकार (Statutory Right) है, न कि मौलिक अधिकार या सामान्य विधि के अंतर्गत प्राप्त अधिकार (Common-law Right)। इस अधिकार को राज्य के कानूनों द्वारा विनियमित किया जा सकता है।


कथन 2 सही है: भारत की कुल प्रजनन दर (TFR) घटकर 1.9 हो गई है (न्यायालय द्वारा चर्चा किए गए वर्ष 2024 के आँकड़ों के अनुसार), जो लगभग 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर की प्रजनन दर से कम है।


कथन 3 गलत है: सर्वोच्च न्यायालय ने सभी राज्यों में दो-बच्चों के मानदंड को स्वतः निरस्त या समाप्त नहीं किया है। इसके बजाय, न्यायालय ने इसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर सवाल उठाया है तथा वर्ष 2003 के जावेद निर्णय पर पुनर्विचार के लिए मामले को बड़ी पीठ (Larger Bench) के पास भेजा है। साथ ही, उसके समक्ष प्रस्तुत विशिष्ट अपील में अंतरिम संरक्षण (Interim Protection) प्रदान किया है।


                            
Aliganj Gomti Nagar Prayagraj